
इस तारीख से हो सकती है यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा, पढ़ें अपडेट्स
लखनऊ. UP Board Exam 2021: यूपी पंचायत चुनाव की तारीखों की घोषणा के बाद यूपी बोर्ड परीक्षा को लेकर विलंब की संभावना बढ़ गई है। माध्यमिक शिक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश की ओर से हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाओं की नई तारीखों को लेकर फिलहाल कोई घोषणा नहीं की गई है, लेकिन ऐसी संभावना जताई गई है कि परीक्षा मई में आयोजित कराई जा सकती है। चुनावी बिगुल बजने के साथ ही नई स्कीम बनाने का काम शुरू हो गया है। उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने भी कहा है कि पंचायत चुनाव के कारण यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षाएं अब 24 अप्रैल से शुरू नहीं होंगी। दो मई को पंचायत चुनाव की मतगणना के बाद ही परीक्षा कराने की तारीख तय की जाएगी।
मई के पहले हफ्ते में परीक्षा
परीक्षाएं (UP Board Exam 2021) एक सप्ताह तक स्थगित होने की संभावना है। इस मुताबिक रिजल्ट घोषणा की डेट भी आगे बढ़ाई जा सकती है। पुरानी डेटशीट के अनुसार, 24 अप्रैल से 12 मई के बीच यूपी बोर्ड परीक्षाएं आयोजित कराई जानी थी। लेकिन अब मई के पहले हफ्ते में यूपी बोर्ड परीक्षाएं शुरू हो सकती हैं। पहले जारी हुए टाइमटेबल में जिस विषय की परीक्षा जिस क्रम में तय हुई थी, वही क्रम बाद में भी फॉलो किए जाने की उम्मीद है। यानी हाईस्कूल और इंटरमीडिएट दोनों में हिंदी व प्रारंभिक हिंदी विषय की परीक्षा से ही शुरुआत हो सकती है।
56,03,813 विद्यार्थी पंजीकृत
इस बार कुल 56,03,813 विद्यार्थी परीक्षा देंगे। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा के लिए कुल 56,03,813 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया है। इसमें हाइस्कूल के 29,94,312 और इंटरमीडिएट के 26,09,501 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे। दोनों परीक्षाओं में कुल 31,47,793 बालक और 24,56,020 बालिकाएं पंजीकृत हैं। हाईस्कूल परीक्षा में 16,74,022 बालक व 13,20,290 बालिकायें पंजीकृत हुई हैं। इसी तरह इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा में 14,73,771 बालक व 11,35,730 बालिकायें कुल 26,09,501 परीक्षार्थी पंजीकृत हुए हैं।
Published on:
2 Apr 2021, 12:18 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.