
यूपी कांग्रेस अध्यक्ष का आरोप- योगी सरकार ने किसानों को बर्बाद कर दिया
पत्रिका न्यूज नेटवर्क
लखनऊ. यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने योगी आदित्यनाथ सरकार पर किसानों को बर्बाद करने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार की किसान विरोधी नीतियों व गेहूं खरीद नीति से किसानों के समक्ष भीषण संकट की स्थिति उतपन्न हो गयी है। कहा कि कोरोना महामारी के संकट के समय सरकारी क्रय केंद्रों पर किसानों का गेहूं बिना तौल के भीग गया और अब क्रय केंद्र गेहूं खरीद में अनेक प्रकार की कमियां निकालकर उन्हें बिचैलियों के हाथों बेचने के लिये विवश कर रहे हैं, क्योंकि सरकारी क्रय केंद्र बिचैलियों व दलालों के माध्यम से संचालित हो रहे हैं। सरकारी पोर्टल पर किसानों की शिकायत का भी संज्ञान नहीं लिया जा रहा। क्रय केंद्रों पर फर्जी पंजीकरण कर दलालों, बिचैलियों के हिसाब से गेहूं खरीद कर किसानों का शोषण किया जा रहा है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि कोरोना महामारी के दौर में डीएपी के दो बार दाम बढ़ाकर सब्सिडी की घोषणा किसानों के साथ किया गया छल है। उन्होंने कहा कि 2014 में 413 रुपये की मिलने वाली डीएपी की 50 किलोग्राम की बोरी में 5 किलो की कटौती पहले कर चुकी सरकार अब सब्सिडी का नाटक कर सब्सिडी पूंजीपति मित्रों के हवाले करेगी और ढिंढोरा किसानों को सब्सिडी देने का पीट रही है।
'बिचौलियों के हाथों उपज बेचने को मजबूर किसान'
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा कि प्रदेश के लखनऊ, लखीमपुर, हरदोई, सीतापुर, शाहजहांपुर, बरेली, रायबरेली, बाराबंकी सहित प्रदेश के अनेक जनपदों में सरकारी क्रय केंद्रों पर कई-कई दिन ट्रैक्टर-ट्रालियों पर किसान अपने गेंहू तौल की प्रतीक्षा करते हैं। पिछले दिनों हुई बारिश में क्रय केंद्रों पर अपने गेंहू की तौल की प्रतीक्षा कर रहे किसानो का गेंहू भीग गया जिससे उनके गेंहू की खरीद नहीं हो पायी। यही नहीं जब प्रतीक्षारत किसानो का नम्बर आता है तो गेहूं में अनेक प्रकार की कमियां निकालकर लेने से इन्कार कर दिया जाता है, जिसके बाद केंद्रों में बैठे बिचैलियों के हाथों उसे अपनी उपज एमएसपी 1975 रुपये प्रति क्विंटल के बजाय 1400 से 1600 रुपये प्रति क्विंटल के भाव से बेंचने के लिये विवश है।
किसानों के सामने रोजी-रोजी का संकट : यूपी कांग्रेस अध्य़क्ष
अजय कुमार लल्लू ने कहा कि किसानों को उपज का लागत मूल्य न मिलने के कारण उसके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो रहा है। यह सब सरकार की किसान विरोधी नीतियों के चलते हो रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार गांव और गरीब किसान को महामारी के संकट के साथ दलालों के चंगुल में फंसाकर उसे दोहरी मार झेलने के लिये विवश कर रही है।
नेताओं की सिफारिश पर हो रही किसानों की गेहूं खरीद : अजय कुमार लल्लू
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा कि खाद्य रसद विभाग द्वारा घोषित 11 एजेंसियों में 7 के ही द्वारा क्रय केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। क्रय केंद्रों पर दलालों व सत्ताधारी दल के नेताओं की सिफारिश पर किसानों की गेहूं खरीद हो रही है। सामान्य किसानों का शोषण व उत्पीड़न हो रहा है और उनसे रकम वसूली हो रही है। उन्होंने कहा कि दलालों, बिचैलियों के नेक्सस ने क्रय केंद्रों को पूरी तरह नियंत्रित कर रखा है। स्थिति यह है कि दलालों, नेताओं को दलाली देकर क्रय केंद्र में किसान के गेहूं की खरीद हो सकती है या औने-पौने दामों में बिचैलिये के हाथ बेचने की मजबूरी उसके सामने है।
Updated on:
24 May 2021, 5:08 PM IST
Published on:
24 May 2021, 5:08 PM IST
बड़ी खबरें
View Allलखनऊ
उत्तर प्रदेश
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.