
यूपी कांग्रेस अध्यक्ष पद को लेकर लखनऊ और दिल्ली के बीच कांग्रेस नेताओं की दौड़ तेज हो गई है। जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को कांग्रेस महासचिव व यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी एक बार फिर दिल्ली में यूपी कांग्रेस के बड़े नेताओं के साथ बैठक करेंगीं। यूपी कांग्रेस संगठन के लिहाज से यह बैठक काफी अहम मानी जा रही है। माना जा रहा है कि इस बैठक में विधानसभा उपचुनाव को लेकर प्रत्याशियों के चयन पर निर्णय हो सकता है, वहीं उत्तर पदेश कांग्रेस कमेटी को नया अध्यक्ष भी मिल सकता है। यूपी कांग्रेस के अध्यक्ष पद की दौड़ में आचार्य प्रमोद कृष्णम, पीएल पुनिया और निर्मल खत्री के अलावा प्रमोद तिवारी का भी नाम आगे चल रहे हैं।
पदाधिकारियों ने दिए सुझाव
खबरों के मुताबिक बैठक में पार्टी पदाधिकारियों की ओर से तीन तरह के सुझाव आए हैं। जिसमें पहला उत्तर प्रदेश को चार जोन में बांटकर चारों के चार अलग-अलग अध्यक्ष बनाए जाएं। जिससे पूरे प्रदेश को बेहतर तरीके से साधा जा सके। दूसरा, पार्टी का एक प्रदेश अध्यक्ष हो और चार कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाएं। इसके अलवा पार्टी मेँ जो परंपरा चली आ रही है, उसे ही जारी रखा जाए, मतलब पार्टी का एक प्रदेश अध्यक्ष हो।
पार्टी की सहमति से तय होगा अध्यक्ष
बताया जा रहा है कि पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा चाहती हैं कि पार्टी अध्यक्ष के चुनाव को लेकर जो भी निर्णय लिया जाए, उस पर पूरी पार्टी की सहमति हो ताकि संगठन की एकजुटता पर कोई असर न पड़े।
अलग-अलग नेताओं से मिलीं प्रियंका गांधी
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने पार्टी के के बड़े नेताओं से भी अलग-अलग मुलाकात की। जिनमें सलमान खुर्शीद, आचार्य प्रमोद कृष्णम, पीएल पुनिया, अजय राय, आराधना मिश्रा, और वीरेंद्र चौधरी समेत उत्तर प्रदेश के सभी बड़े नेता शामिल थे। कुल मिलाकर कांग्रेस में लगातार हो रही इन बैठकों से साफ है कि यूपी कांग्रेस को बहुत जल्द नया प्रदेश अध्यक्ष मिलने जा रहा है।
Published on:
28 Apr 2022 09:25 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
