
लखनऊ. यूपी में इन्वेस्टर समिट के पहले दिन 4.28 लाख करोड़ रुपये निवेश की घोषणा हुई। समिट के उद्घाटन के मौके पर मुकेश अंबानी , गौतम अडानी, कुमार मंगलम बिड़ला, आनंद महिंद्रा, सुभाष चंद्रा समेत तमाम उद्दोगपतियों ने यूपी में निवेश की घोषणा की। सबसे पहले रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने 10 हजार करोड़ रुपये के निवेश का ऐलान किया। समिट में सबसे पहले अपनी कंपनी के निवेश की घोषणा करते हुए कहा कि यूपी के हर गांव में जियो पहुंचेगा।
रिलायंस करेगा 10 हजार करोड़ का निवेश
इस दौरान मुकेश अंबानी ने कहा- रिलायंस जियो यूपी में 10 हजार करोड़ का हो निवेश करेगा। जियो का सबसे बड़ा बाजार यूपी में ही है। जियो 3 साल में यूपी में 10 हजार करोड़ का इन्वेस्टमेंट करेगी। मुकेश अंबानी बोले- "मैं चाहता हूं कि यूपी का हर नौजवान स्मार्ट नौजवान बने। अगले 2 महीनों में यूपी में जियो के 2 करोड़ फोन लॉन्च करेंगे। हम प्रधानमंत्री की महत्वाकांक्षी योजना नमामि गंगे प्रोजेक्ट के लिए भी काम करेंगे।"
अडानी करेंगे 35 हजार करोड़
गौतम अडानी ने यूपी में 35 हजार करोड़ निवेश की घोषणा की। इस दौरान अडानी ने कहा, 'अडानी ग्रुप को मिशन राष्ट्र निर्माण है जो न्यू इंडिया की अवधारणा शामिल है। यूपी में हम वर्ल्ड क्लास फूड ऐंड एग्री पार्क बनाएंगे। यहां पर बड़ा लॉजिस्टिक पार्क भी हमारा लक्ष्य है। रोड और मेट्रो निर्माण में भी हम निवेश करेंगे। अगले 3 वर्ष में हम यूपी में 35 हजार करोड़ का निवेश करेंगे। यहां हम वर्ल्ड क्लास यूनिवर्सिटी और स्किल सेंटर भी स्थापित करेंगे।'
बिरला ग्रुप करेगा 25 हजार करोड़ का निवेश
बिड़ला ग्रुप यूपी में 25 हजार करोड़ रुपये की निवेश करेगा। उन्होंने अपने संबोधन में कहा, 'यूपी को इज ऑफ डूइंग बिजनेस में 7वीं रैंक की बधाई। बेहतर पॉवर सप्लाई और लैंड बैंक जैसे बुनियादी सुविधा के विकास से योगी सरकार ने निवेश के लिए बेहतर माहौल किया है। 24 हजार करोड़ का निवेश यहाँ पहले से कर रहे हैं। अगले 5 साल में हम 25 हजार करोड़ का निवेश करेंगे।' उन्होंने कहा कि 100 गांवों में हम हेल्थ केअर और बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने में भी सहयोग करेंगे।
आनंद महिंद्रा दो हजार करोड़ रुपए का निवेश
आनंद महिंद्रा ने प्रदेश में क्लब महिंद्रा के जरिए 2000 करोड़ रुपए के निवेश की घोषणा की। इसके साथ ही यूपी में गाड़ी मैनुफैक्चरिंग का प्लांट भी लगाएंगे। वाराणसी में निवेश की संभावनाओं पर बोलते हुए आनंद महिंद्रा ने कहा कि बनारस में रिजॉर्ट बनाएंगे। उन्होंने कहा कि हम यूपी में इलेक्ट्रिक व्हीकल के उत्पादन का प्लांट लगाएंगे। आनंद महिन्द्रा ने कहा, 'मेरी मां लखनऊ की आईटी कॉलेज में इतिहास की टीचर रही हैं। यहां की कहानियां सुन कर मैं बड़ा हुआ हूं। इसलिए आज लग रहा है कि मैं मुसाफ़िर हूं जो कई जगह भटककर घर लौट आया है।' उन्होंने आगे कहा कि यूपी की तुलना और लक्ष्य किसी प्रदेश के अनुसार नहीं बल्कि देश से होनी चाहिए। महिंद्रा योगी जी के यूपी विकास के प्रयासों साथ है।
जानें कौन-कितना करेगा निवेश, देखें लिस्ट
एचसीएल लाएगा नई वैकेंसीज
एचसीएल टेक्नोलॉजी के एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसीडेंट संजय गुप्ता ने बताया कि एचसीएल इस साल लखनऊ में दो हजार नई वैकेंसीज लाएगा। इससे पहले भी एचसीएल ने लगभग दो हजार छात्रों को लखनऊ में रोजगार दिया है। संजय गुप्ता के मुताबिक, एससीएल ने यूपी में पहले ही काफी निवेश किया है। इसे अब आगे बढ़ाएगा। एचसीएल ने एनसीआर, लखनऊ के अलावा हरदोई,सीतापुर में भी निवेश किया है। 700 से ज्यादा गांव भी एचसीएल ने गोद लिए हैं। इन गांव का विकास किया जाएगा। इसके अलावा युवाओं को रोजगार देने का काम भी एचसीएल जारी रखेगा। इस बार जो वैकेंसीज आएंगी वो इंजीनियरर्स के साथ-साथ नॉन इंजीनियरिंग बैकग्राउंड वालों के लिए भी होंगी।
वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट पर फोकस
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अपने संबोधन में सरकार की वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट योजना की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि यूपी की अर्थव्यवस्था में सूक्ष्म-लघु एवं मध्यम उद्योगों- जिन्हें हम एमएसएमई कहते हैं, उनका बहुत बड़ा योगदान है। एग्रीकल्चर के बाद इसी सेक्टर में रोजगार के सबसे ज्यादा अवसर बनते हैं। मुझे ये जानकर खुशी है कि उत्तर प्रदेश सरकार ने इस महत्वपूर्ण तथ्य को ध्यान में रखते हुए एक जिला-एक उत्पाद योजना शुरू की है।
जानें कौन कितना करेगा इनवेस्टमेंट
अडानी ग्रुप- 35000 करोड़ का इन्वेस्ट करेगा।
रिलायंस ग्रुप- जियो 10 हजार करोड़ का निवेश करेगा।
एस्सेल ग्रुप- 18,750 करोड़ रुपए निवेश करेगा।
बिड़ला ग्रुप- 25000 करोड़ रुपए का करेगा निवेश।
आनंद महिंद्रा -2000 करोड़ रुपए का करेगा निवेश।
Updated on:
21 Feb 2018 08:42 pm
Published on:
21 Feb 2018 08:01 pm
बड़ी खबरें
View Allलखनऊ
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
