
पुलिस एनकाउंटर पर बोले योगी के मंत्री, जो गलती करेगा उसे दंड मिलेगा
लखनऊ. यूपी पुलिस की गोली लगने से एपल कंपनी के एरिया मैनेजर विवेक तिवारी की मौत मामले में यूपी के सिंचाई मंत्री धर्मपाल सिंह का बड़ा बयान सामने आया है। सरकार पर लग रहे फर्जी एनकाउंटर के आरोपों पर मंत्री ने कहा कि एनकाउंटर में कभी ऐसी कोई गलती नहीं हुई। एनकाउंटर के दौरान पुलिस की गोली उसी को लग रही है जो वास्तव में क्रिमिनल है। सरकार में न्याय सबको मिल रहा है, जो गलती करेगा उसको दंड मिलेगा। गौरतलब है कि योगी सरकार बनने के बाद से ही विपक्षी दल हमेशा ही उत्तर प्रदेश पुलिस पर फर्जी एनकाउंटर का आरोप लगाते रहे हैं। बीते दिनों सुप्रीम कोर्ट ने भी एनकाउंटर पर योगी सरकार को नोटिस जारी करते हुए जवाब मांगा था।
विवेक हत्याकांड पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि लखनऊ में कोई एनकाउंटर नहीं हुआ है। मामले में आरोपी सिपाहियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। हादसे की उच्च स्तरीय जांच होगी और जरूरत पड़ी तो पूरी घटना की सीबीआई जांच भी कराई जाएगी।
पुलिस की वर्दी में गुंडों की फौज : राजबब्बर
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर ने विवेक तिवारी की मौत पर सीएम योगी आदित्यनाथ, गृहमंत्री राजनाथ सिंह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा निशाना साधा है। उन्होंने ट्वीट करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री को शर्म आनी चाहिये। लखनऊ में एक आम शहरी का एनकाउंटर कर दिया गया। मुख्यमंत्री ने पुलिस की वर्दी में गुंडों की फौज पाल रखी है। देश के गृहमंत्री के चुनाव क्षेत्र में भी आम आदमी सुरक्षित नहीं है। प्रवचनकर्ता प्रधानमंत्री विवेक तिवारी के परिवार को क्या जवाब देंगे?
सीएम के शब्द 'ठोक देंगे' का ही नतीजा : सपा प्रवक्ता
समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता व पूर्व मंत्री अनुराग भदौरिया ने कहा कि लखनऊ पुलिस की गोली से एक निर्दोष व्यक्ति मारा गया है। इस मामले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उत्तर प्रदेश के डीजीपी ओपी सिंह सार्वजनिक रूप से जनता और मृतक के परिवार से माफी मांगें। उन्होंने कहा कि ये हादसा मुख्यमंत्री के शब्द 'ठोक देंगे' का ही नतीजा है। भदौरिया ने कहा कि गनीमत थी कि मृतक के साथ एक मित्र थी, वरना इसे भी असलहा रखकर एनकाउंटर बता दिया जाता।
Updated on:
29 Sep 2018, 5:18 PM IST
Published on:
29 Sep 2018, 5:16 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.