लखनऊ. UP Jila Panchayat Adhyaksh Live Update. उत्तर प्रदेश चुनाव 2022 के सेमीफाइनल मतलब जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव के परिणाम शनिवार देर शाम घोषित हो जाएंगे। मुख्य मुकाबला भारतीय जनता पार्टी व समाजवादी पार्टी में ही देखने को मिला, लेकिन अंत में पलड़ा सत्ता पक्ष का ही भारी दिख रहा है। बहुजन समाज पार्टी ने पहले ही चुनाव से कदम पीछे खींच लिए थे। कांग्रेस मैदान में डटी रही, लेकिन उसे एक भी सफलता हाथ लगती नजर नहीं आ रही। 75 में से 22 निर्विरोध चुन लिए गए थे, जिनमें से केवल एक में सपा समर्थित प्रत्याशी को जीत हासिल हुई। बची 53 सीटों के लिए शनिवार सुबह 11 बजे से वोटिंग शुरू हुई, जो तीन बजे तक चली। उसके तुरंत बाद काउंटिंग शुरू हो गई। इस बीच सभी जिलों के कलेक्ट्रेट दफ्तरों में भारी पुलिस फोर्स तैनात रही। पारदर्शिता के लिए हाईकोर्ट के निर्देश पर सभी मतदान स्थलों में सीसीटीवी कैमरे का पहरा रहा। बावजूद इसके कई जिलों से शिकायतें आईं।