
UP Nikay Chunav 2023 Exit Poll: दूसरे चरण में वोटिंग पूरी होने के साथ ही आज निकाय चुनाव के लिए मतदान खत्म हो गया है। चुनाव में नगर पालिका और नगर पंचायतों के साथ 17 नगर निगमों पर मेयर चुनने के लिए लोगों ने वोट दिया है। नगर निगमों पर लोगों की सबसे ज्यादा निगाहें हैं। कुल 17 नगर निगमों में पत्रिका के रिपोर्टर्स ने लोगों से बातचीत के आधार पर अपना पोल तैयार किया है। सभी 17 नगर निगम को एक-एक कर जानते हैं कि हमारे सर्वे में किस नगर निगम में किस पार्टी का मेयर बन रहा है।
मेरठ: पत्रिका के रिपोर्टर केपी त्रिपाठी के सर्वे के हिसाब से भाजपा के हरिकांत अहलूवालिया जीत रहे हैं। दूसरे नंबर पर सपा की सीमा प्रधान हैं। बसपा के हसमत कुछ पॉकेट में वोट ले रहे हैं लेकिन मुख्य मुकाबले से दूर हैं।
अयोध्या: पत्रिका रिपोर्टर सत्यप्रकाश के मुताबिक निगम में नए जुड़े 17 गांवों ने समीकरण उलझा दिए हैं। हालांकि वो मान रहे हैं कि अयोध्या में मेयर भाजपा का बन रहा है। दूसरे नंबर पर सपा है।
लखनऊ: राजधानी के नगर निगम में पत्रिका के रितेश सिंह और विराट शर्मा रिपोर्टर हैं। दोनों रिपोर्ट्स का मानन है कि सपा की कैंडिडेट वंदना मिश्रा अच्छा लड़ती दिखीं लेकिन भाजपा से पिछड़ रही हैं। लखनऊ की सीट भाजपा के पास जा रही है।
सहारनपुर: पत्रिका के रिपोर्टर शिवमणि त्यागी के मुताबिक, सहारनपुर में इमरान मसूद की भाभी खदीजा मसूद के बसपा का टिकट मिलने से मुकाबला दिलचस्प रहा। शहर में बसपा और भाजपा के डॉक्टर अजय कुमार सिंह में कड़ा मुकाबला रहा। मुकाबले में BJP आगे है। सहारनपुर सीट को पत्रिका रिपोर्टर BJP को दे रहे हैं।
कानपुर: भाजपा का गढ़ कहे जाने वाली कानपुर नगर निगम में पत्रिका रिपोर्टर अवनीश कुमार का सर्वे इस बार बदलाव का दावा कर रहा है। सर्वे में सपा विधायक अमिताभ बाजपेयी की पत्नी वंदना बाजपेयी बाजी मार रही हैं। इसके पीछे मुस्लिम और ब्राह्राणों का सपा के पक्ष में मतदान को कारण मान रहे हैं।
झांसी: पत्रिका रिपोर्टर रामनरेश यादव के सर्वे में भाजपा को जीत मिल रही है। यहां बीजेपी को टक्कर कांग्रेस दे रही है यानी दूसरे नंबर पर कांग्रेस है। इसकी वजह मुस्लिमों के वोट का बड़ा हिस्सा कांग्रेस को मिलना है।
वाराणसी: पत्रिका रिपोर्टर एस फैज के मुताबिक वाराणसी में भाजपा जीत रही है और सपा दूसरे नंबर पर है। इसके पीछे वो पीएम मोदी का संसदीय क्षेत्र होने के चलते BJP के पक्ष में एक हवा मानते हैं।
प्रयागराज: पत्रिका रिपोर्टर सचिन प्रजापति का मानना है कि इस सीट पर फिर से भाजपा का मेयर बन रहा है। दूसरे नंबर पर यहां कांग्रेस आ रही है। इसकी वजह मुस्लिमों का कांग्रेस की ओर जाना है।
गोरखपुर: पत्रिका रिपोर्टर अंकुर सिंह के मुताबिक भाजपा के डॉक्टर मंगलेश मेयर बनने जा रहे हैं। यहां दूसरे नंबर पर सपा की काजल निषाद हैं।
आगरा: पत्रिका रिपोर्टर अविनाश के मुताबिक, भाजपा और बसपा की करीबी फाइट है लेकिन बीजेपी बाजी मार ले जाएगी। मुस्लिम और दलित बसपा की तरफ गए हैं लेकिन बाकी वोटर एकजुटता से भाजपा में गया। जिससे भाजपा जीत रही है।
बरेली: भाजपा के उमेश गौतम जीत रहे हैं। पत्रिका के अवनीश पांडेय के मुताबिक, यहां सपा समर्थित निर्दलीय डॉक्टर इकबाल सिंह तोमर ने फाइट की है लेकिन जीत का स्वाद उनको मिलता नहीं दिख रहा है।
शाहजहांपुर: इस सीट पर सपा से भाजपा में जाकर चुनाव लड़ीं अर्चना वर्मा जीत रही हैं। पत्रिका के अवनीश पांडेय के आंकड़ों में यहां से दूसरे नंबर पर कांग्रेस की निकहत हैं।
अलीगढ़: पत्रिका रिपोर्टर महक गुप्ता के आंकड़ों के हिसाब इस सीट को बसपा से छीन रही है। अलीगढ़ में इस बार भाजपा का मेयर बन रहा है और सपा दूसरे नंबर है। 2017 में सीच जीतने वाली बसपा तीसरे नंबर पर खिसक रही है।
मुरादाबाद: पत्रिका रिपोर्टर उज्जवल श्रीवास्तव के आंकड़े इस सीट पर कांग्रेस का मेयर बना रहे हैं। भाजपा यहां दूसरे नंबर है। कांग्रेस के रिजवान को मुस्लिमों की तकरीबन एकतरफा वोट पड़ने की वजह से उनका पलड़ा यहां भारी है।
गाजियाबाद: दिल्ली से सटी इस नगर निगम में पत्रिका रिपोर्टर प्रदीप बंसल के आंकड़े भाजपा को आगे मान रहे हैं। ये सीट भी भाजपा को जा रही है।
मथुरा और फिरोजाबाद में पत्रिका रिपोर्टर अविनाश के मुताबिक मेयर बीजेपी का बन रहा है। दोनों ही सीटों पर बसपा दूसरे नंबर पर है। यहां सपा मुख्य मुकाबले से दूर है।
17 में से 15 सीट भाजपा
पत्रिका के सर्वे में 17 नगर निगम में से 15 सीटें भाजपा को मिल रही हैं। एक सीट कांग्रेस और एक बसपा को मिल सकती है। वहीं बीते चुनाव में 2 सीट जीतने वाली बसपा इस दफा शून्य पर सिमट सकती है।
Updated on:
11 May 2023 07:10 pm
Published on:
11 May 2023 07:08 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
