पंचायत की मतदाता सूची में अगर किसी को अपना नाम दर्ज कराना है या किसी तरह का संशोधन कराना है, तो उसके पास एक और मौका है। पंचायत चुनाव से पहले मतदाताओं को वोटर बनने का एक और अवसर मिल रहा है। सूची में किसी भी तरह के बदलाव या अपना नाम दर्ज कराने के लिए मतदाता को अपनी तहसील जाना होगा। राजधानी की पांचों तहसीलों में इसके लिए एक पटल बनाया जा रहा है। साथ ही आवेदन जमा करने के बाद ग्रामीण को पावती भी मिलेगी। उप जिला निर्वाचन अधिकारी विपिन कुमार मिश्र के अनुसार, तहसील में ऐसे लोगों के आवेदन लेने के लिए डेस्क बनाई गई है। यहां पर सहायक रजिस्ट्रार कानूनगो के पास निश्चित प्रारूप पर आवेदन करना होगा। अधिसूचना जारी होने तक आवेदन लिए जाएंगे। बीएलओ की जांच के बाद ही नाम जोड़ा, हटाया या संशोधित किया जाएगा।