
UP PCS Transfer List, Satyam Mishra Kashi Vishwanath CEO, Yogi Government, UP PCS Officers Transfer News
UP PCS Transfer List: उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा फेरबदल किया है। सरकार ने 4 PCS अफसरों के तबादले किए हैं। तबादला सूची में कुल 5 अधिकारियों के नाम हैं, इनमें एक अधिकारी का ट्रांसफर आदेश रद्द कर दिया गया है। इस ताजा प्रशासनिक फेरबदल के तहत अब तक प्रयागराज में अपर जिलाधिकारी नगर के पद पर तैनात सत्यम मिश्रा को वाराणसी के प्रसिद्ध काशी विश्वनाथ मंदिर और विशिष्ट क्षेत्र विकास परिषद का नया मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) बनाया गया है। वह इस पद पर विश्व भूषण मिश्र का स्थान लेंगे।
तबादला सूची के अनुसार, प्रयागराज में उप-संचालक चकबंदी के रूप में सेवाएं दे रहे मंगलेश दुबे को अब प्रयागराज के अपर जिलाधिकारी नगर का अतिरिक्त कार्यभार सौंप दिया गया है। अब तक यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सत्यम मिश्रा संभाल रहे थे। इसके अलावा फिरोजाबाद में अपर जिलाधिकारी न्यायिक के पद पर रहे अरविंद कुमार द्विवेदी को लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) का नया संयुक्त सचिव बनाया गया है। अरविंद कुमार द्विवेदी की जगह अब सीमा पांडेय को फिरोजाबाद में अपर जिलाधिकारी न्यायिक की जिम्मेदारी दी गई है जो कि अब तक वाराणसी नगर निगम में अपर नगर आयुक्त के पद पर तैनात थीं।
शासन की ओर से जारी इस फेरबदल की सूची में एक अधिकारी का ट्रांसफर रद्द भी किया गया है। कानपुर विकास प्राधिकरण में तैनात अभय कुमार पांडेय का तबादला कासगंज के अपर जिलाधिकारी वित्त और राजस्व के पद पर किया गया था जिसे शासन ने अब पूरी तरह निरस्त कर दिया है। वह पहले की तरह कानपुर विकास प्राधिकरण में ही अपनी सेवाएं देते रहेंगे। सरकार के इस ताजा प्रशासनिक कदम से विभिन्न विभागों में कामकाज को और बेहतर करने की तैयारी है।
हरदोई के मूल निवासी सत्यम मिश्रा 2015 बैच के PCS अधिकारी हैं। उत्तर प्रदेश सरकार के PCS पोस्टिंग रिकॉर्ड के अनुसार उनकी PCS में नियुक्ति 15 मार्च, 2016 को हुई थी। अब सत्यम मिश्रा को श्री काशी विश्वनाथ मंदिर और विशिष्ट क्षेत्र विकास परिषद का नया मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) बनाया गया है। सत्यम मिश्रा अपने अब तक के प्रशासनिक कार्यकाल के दौरान बरेली, गाजीपुर, महाराजगंज और चित्रकूट में डिप्टी कलेक्टर के रूप में सेवाएं दे चुके हैं। इसके अलावा वह रामपुर में सिटी मजिस्ट्रेट और मुरादाबाद में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) की जिम्मेदारी भी सफलतापूर्वक संभाल चुके हैं।
Updated on:
16 Sept 2026 06:05 pm
Published on:
16 Sept 2026 06:05 pm
