
लखनऊ. आईपीएल-11 का शेड्यूल जारी हो चुका है। नीलामी प्रक्रिया (IPL AUCTION) के बाद टीमें भी फाइनल हो चुकी हैं। टूर्नामेंट में देशी-विदेशी खिलाड़ी दम दिखाने को तैयार हैं। आईपीएल-11 के मैंचों के लिये भले ही यूपी ( ग्रीन पार्क स्टेडियम और इकॉना स्टेडियम) को एक भी मैच की मेजबानी न मिली हो, लेकिन फिर भी उत्तर प्रदेश के कई दिग्गज खिलाड़ी टूर्नामेंट में दम दिखाने को तैयार हैं। इनमें कई खिलाड़ी भारतीय क्रिकेट टीम का हिस्सा हैं तो कई युवा प्लेयर अपने प्रदर्शन के बूते नीली जर्सी में खेलने को बेताब हैं।
आईपीएल के 11वें सीजन में चेन्नई सुपरकिंग्स और राजस्थान रॉयल की दो साल बाद वापसी हो रही है। जारी शेड्यूल के मुताबिक, चेन्नई सुपरकिंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच पहला मैच 7 अप्रैल को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जायेगा। टूर्नामेंट का फाइनल मैच 27 मई 2018 को वानखेड़े स्टेडियम में ही खेला जाएगा। इस दौरान कुल 60 मुकाबले खेले जाएंगे।
इस बार यूपी में नहीं होगा एक भी IPL मैच
आईपीएल 2018 का एक भी मैच उत्तर प्रदेश में नहीं खेला जाएगा। IPL 9 व IPL 10 के दौरान दो-दो मैच कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में खेले गए थे। लेकिन इस बार ग्रीन पार्क स्टेडियम को एक भी मैच की मेजबानी नहीं मिली है। आईपीएल गवर्निग काउंसिल की बैठक में किसी भी टीम ने ग्रीनपार्क में रुचि नहीं दिखाई। लेकिन माना जा रहा है कि 31 जनवरी को बीसीसीआई के निरीक्षण के बाद अंतरराष्ट्रीय सुविधाओं से लैस लखनऊ के इकॉना स्टेडियम को भी IPL 11 की मेजबानी मिल सकती है। खबर है कि दिल्ली डेयर डेविल्स राजधानी के इकॉना स्टेडियम में खेलने की इच्छुक है।
आईपीएल में दम दिखाने को तैयार यूपी के ये खिलाड़ी
आईपीएल के 11वें सीजन में इस बार उत्तर प्रदेश के नौ खिलाड़ी अपना जलवा दिखाने के बेताब हैं। इनमें टीम इंडिया के धाकड़ खिलाड़ियों में शुमार भुवनेश्वर कुमार, मोहम्मद शमी, कुलदीप यादव और सुरेश रैना अपना हुनर दिखाने को तैयार हैं। वहीं, अक्षदीप नाथ , करण शर्मा, रिंकू सिंह, सरफराज खान और अंकित राजपूत जैसे युवा खिलाड़ी शानदार प्रदर्शन को बेताब हैं। गौरतबल है कि सुरेश रैना लंबे समय से टीम इंडिया से बाहर हैं। हालांकि, उन्हें मौजूदा दक्षिण अफ्रीका दौरे के लिये भारतीय टीम में शामिल किया गया है। पीयूष चावला की भी कोशिश होगी कि टूर्नामेंट में बेहतर प्रदर्शन के जरिये टीम इंडिया में फिर से वापसी की जाये।
किस टीम से कौन खिलाड़ी
सुरेश रैना- चेन्नई सुपर किंग्स
कुलदीप यादव- कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर)
पीयूष चावला- कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर)
भुवनेश कुमार- सनराइजर्स हैदराबाद
अक्षदीप नाथ- किंग्स इलेवन पंजाब
करण शर्मा- चेन्नई सुपर किंग्स
रिंकू सिंह- कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर)
सरफराज खान- रॉयल चैलेंजर्स बैंगलुरू (आरसीबी)
अंकित राजपूत- किंग्स इलेवन पंजाब
Published on:
15 Feb 2018, 5:43 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.