राजधानी लखनऊ में पांच जून तक धारा 144 लागू कर दी गई है। संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) पीयूष मोर्डिया ने 7 मई को अलविदा की नमाज, 9 मई को लोक नायक महाराणा प्रताप जयंती, 14 मई को ईद-उल-फितर व परशुराम जयंती, 26 मई को बुद्ध पूर्णिमा और एक जून को बड़ा मंगल पर शांति-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लखनऊ में पांच जून तक के लिए धारा 144 लागू की है। संयुक्त पुलिस आयुक्त ने कहा कि कंटेनमेंट जोन के बाहर समस्त सामाजिक, खेल, सांस्कृतिक, धार्मिक, राजनीतिक कार्यक्रमों और अन्य सामूहिक गतिविधियों की अनुमति निम्न प्रतिबंधों के अधीन होगी। कोई भी व्यक्ति पुलिस आयुक्त लखनऊ या संयुक्त पुलिस आयुक्त या पुलिस उपायुक्तों की अनुमति के बिना न तो जुलूस निकालेगा और न ही किसी सार्वजनिक स्थान या कार्यक्रम में शरीक होगा। नियम का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।