
UP छात्रवृत्ति को लेकर टाइमलाइन जारी (फोटो- पत्रिका)
UP Scholarship Schedule 2026-27: उत्तर प्रदेश के समाज कल्याण विभाग ने एकेडमिक सेशन 2026-27 के लिए स्कॉलरशिप की समय सारिणी जारी कर दी है। प्रदेश के अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, सामान्य वर्ग, अन्य पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक वर्ग के विद्यार्थियों के लिए यह योजना चलाई जा रही है। कक्षा 9 से 12 तक के योग्य स्टूडेंट्स 11 अगस्त से ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन और आवेदन कर सकेंगे।
विभाग द्वारा जारी शेड्यूल के अनुसार प्रदेश के सभी मान्यता प्राप्त विद्यालयों को 5 अगस्त, 2026 तक अपना मास्टर डाटा ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य होगा। इसके बाद जिला विद्यालय निरीक्षक और संबंधित अधिकारी इस डाटा का पूरी तरह सत्यापन करेंगे। इसी समय सीमा के भीतर अल्पसंख्यक वर्ग के निजी संस्थानों की पोर्टल पर मार्किंग की प्रक्रिया भी संपन्न की जाएगी।
नवीनीकरण श्रेणी के स्टूडेंट्स के लिए ऑनलाइन आवेदन करने और हार्डकॉपी स्कूल में जमा करने की समय सीमा 11 से 25 अगस्त तय की गई है। इसके बाद विद्यालय स्तर पर बायोमेट्रिक कन्फर्मेशन, एप्लीकेशन वेरिफिकेशन और आगे भेजने का प्रोसेस 30 अगस्त तक पूरा किया जाएगा। 31 अगस्त से 10 सितंबर के बीच डीआईओएस (DIOS) द्वारा वास्तविक छात्र संख्या का सत्यापन होगा और 11 से 17 सितंबर तक एनआईसी द्वारा स्क्रूटनी (जांच) की जाएगी। जिला स्तरीय समिति से डाटा लॉक होने के बाद पीएफएमएस (PFMS) के माध्यम से अक्टूबर 2026 के आखिर तक स्कॉलरशिप की राशि खातों में ट्रांसफर होना शुरू हो जाएगी।
नए आवेदन करने वाले स्टूडेंट्स के लिए हार्डकॉपी जमा करने की समय सीमा 11 अगस्त से 21 सितंबर 2026 तय की गई है। सभी स्तरों पर जांच और सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद जनवरी 2027 में पात्र विद्यार्थियों के बैंक खातों में पीएफएमएस (PFMS) सिस्टम के जरिए सीधे राशि ट्रांसफर की जाएगी। अगर किसी आवेदन में कोई गड़बड़ी या संदिग्ध विवरण मिलता है तो उसके सुधार और दोबारा वेरिफिकेशन के लिए अलग से मौका दिया जाएगा।
अगर किसी आवेदन में कोई गलती या जानकारी अधूरी मिलती है तो संबंधित छात्र को उसे ठीक करने का मौका दिया जाएगा। सुधार के बाद दोबारा जांच की जाएगी और फिर आगे की प्रक्रिया पूरी होगी। समाज कल्याण विभाग ने स्टूडेंट्स को सलाह दी है कि, आवेदन करते समय सभी जानकारी सही भरें और तय समय के भीतर आवेदन की कॉपी अपने स्कूल में जरूर जमा करें। गलत जानकारी देने या समय सीमा के बाद आवेदन करने पर छात्रवृत्ति का लाभ नहीं मिल सकेगा।
Updated on:
24 Jul 2026 12:50 pm
Published on:
24 Jul 2026 12:50 pm
