
New Cases reported
लखनऊ में बढ़ रहा कोरोना, 157 पाजिटिव केस
लखनऊ. राजधानी लखनऊ में कोरोना का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार को 157 लोगों में वायरस मिले हैं। लगातार संक्रमितों की संख्या बढ़ने से स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की चिंता बढ़ गई है। वहीं, कोरोना वायरस को 102 मरीजों ने हराने में कामयाबी हासिल की है। ये सभी सभी मरीज होम आईसोलेशन में थे। डॉक्टरों ने बताया कि तीन से पांच दिन में होम आईसोलेशन में मरीज ठीक हो रहे हैं।
योगी को बम से उड़ाने की धमकी देने वाला गिरफ्तार
लखनऊ. यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ को बम से उड़ाने की धमकी देने के आरोपित सरफराज को साइबर क्राइम सेल की टीम ने राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया। सरफराज ने चचेरे भाई शाहिद के नाम से यूपी-112 को व्हाट्सएप पर मैसेज भेज कर धमकाया था। सीएम को धमकी देने के मामले में यूपी-112 के आपरेशन कमाण्डर ने एफआईआर दर्ज करायी थी। सुशांत गोल्फ सिटी और साइबर क्राइम सेल की टीम ने पड़ताल शुरू कर दी थी। मोबाइल नम्बर की डिटेल से पता चला कि यह धमकी राजस्थान के भरतपुर से दी गई है। साइबर क्राइम सेल के इंस्पेक्टर रणजीत राय के नेतृत्व में एक टीम सुशांत गोल्फ सिटी थाने की पुलिस राजस्थान पहुंची। वहां सीमा के पास से पुलिस ने सरफराज नाम के युवक को पकड़ लिया।
सेल्फी लेने गई युवती की मौत
ललितपुर. कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत राजघाट बांध के दस गेट खोलकर रविवार को पानी छोड़ा जा रहा था। इस दौरान गांव राजघाट निवासी संजना अपनी फुफेरी बहन दीया के साथ पुल पर गई थी। यहां से बांध का मनोरम दृश्य देख संजना अपनी फुफेरी बहन के साथ नदी के पुल के किनारे लगे पाइप पर पैर रखकर मोबाइल से सेल्फी ले रही थी। इस दौरान उसका पैर फिसल गया और वह पुल से नीचे गिर गई। काफी खोजबीन के बाद वह पुल से साठ मीटर दूर बेसुध मिली जिस पर परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
केक की जगह काट दिया प्रेमिका का गला
झांसी. झांसी में एक युवक ने बर्थ-डे पार्टी में शादीशुदा प्रेमिका की गला रेतकर हत्या कर दी। हत्या प्रेमिका की मौसी और उनके 14 साल के बेटे के सामने की गई। हत्या के बाद आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी निक्की साहू ने बताया, “4 साल से हमारे प्रेम संबंध थे। जेवर और पैसों की डिमांड से थक चुका था। इसलिए हत्या कर दी।” वारदात नारायण बाग पार्क की है। वहीं, वारदात के बाद निक्की मौके से भाग गया। मौसी नीलम और बेटा राज मोनिका को स्कूटी से अस्पताल ले जाने लगे। मगर, मछली मंडी तिराहा के पास स्कूटी गड्ढे में गिर गई। मोनिका के गले से बहता खून देखकर लोगों ने उसे किसी तरह ऑटो से उसको मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। वहां से मौसी और उसका बेटा भी भाग गए थे। इलाज के दौरान देर रात मोनिका की मौत हो गई।
नाले से मिलीं 3 महीने से लापता सफाई कर्मचारी की हड्डियां
बांदा. नगर पालिका बांदा में सफाई कर्मचारी 22 वर्षीय युवक पिछले 3 महीने से लापता था। जिसकी एक नाले से हड्डियां बरामद की गई। मामला शहर कोतवाली क्षेत्र का है। मृतक के पिता गंगादीन ने बताया कि बेटे धीरु (22) नगर पालिका के वार्ड नंबर-15 मर्दननाका में सफाई कर्मचारी था, जो 13 मई, 2022 को वेतन निकालने के बाद अचानक गायब हो गया। इसकी गुमशुदगी रिपोर्ट 15 मई को दर्ज कराई गई थी। पिता का आरोप है कि पुत्र को मर्दननाका निवासी प्रेमवती पत्नी और सुनील श्रीवास आदि ने मिलकर हत्या करने के उद्देश्य से अपहरण कर लिया था। वहीं, मृतक के भाई ने बताया कि भाई के गायब होने पर मर्दननाका चौकी इंचार्ज को बताया गया था कि हमारे भाई को उसी मोहल्ले के प्रेमवती और सुनील ने गायब कराया है, लेकिन दारोगा ने यह कहकर भगा दिया कि तुम्हारा भाई लड़की को लेकर भाग गया है, जबकि लड़की कहीं नहीं गई थी। भाई के गायब होने के 2 माह बाद कोतवाली में 11 जुलाई 2022 को रिपोर्ट दर्ज की गई।
Published on:
15 Aug 2022 03:07 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
