लखनऊ. UP Weather Live Updates: उत्तर प्रदेश में एक बार फिर मानसून सक्रिय होने के चलते और बारिश का सिलसिला शुरू हो गया है। राजधानी लखनऊ में अमौसी स्थित आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक अगले दो-तीन दिनों तक हरदोई, सीतापुर, बाराबंकी, उन्नाव, कानपुर देहात, कानपुर शहर, लखनऊ, रायबरेली, अमेठी, अयोध्या, गोंडा, बस्ती, सिद्धार्थनगर, संत कबीर नगर, अंबेडकर नगर, प्रयागराज और मिर्जापुर में जोरदार बारिश होने का अनुमान है। प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में बीते दो दिनों से बारिश नहीं हुई, जिससे उमस काफी बढ़ गई थी। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि 17 जुलाई तक कुछ जिलों में छिटपुट बारिश देखने को मिलेगी। फिर व्यापक पैमाने पर बारिश का सिलसिला 18 जुलाई से शुरू होगा।