मौसम विभाग के वैज्ञानिकों के मुताबिक पूर्वी यूपी में वैसी तपन अभी नहीं होगी जैसी पश्चिमी यूपी में देखने को मिल सकती है। अप्रैल का पहला हफ्ता यूपी में तेज गर्मी वाला ही होगा। पश्चिमी यूपी के मुरादाबाद में दिन का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस, मेरठ में 38.6 डिग्री सेल्सियस, मुजफ्फरनगर में 36.8 डिग्री सेल्सियस और नजीबाबाद में 36.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बुंदेलखंड के कुछ जिलों में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस भी दर्ज किया गया। आगरा, झांसी, प्रयागराज और कानपुर में दिन का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस या इसके ऊपर ही दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने फिलहाल जो अनुमान जारी किया है उसके मुताबिक पूर्वी यूपी के जिलों को पश्चिमी यूपी के जिलों के मुकाबले थोड़ी राहत मिलती रहेगी।