
Quick Read: बहन की पत्नी को अगवा कर बनाया बंधक, जेसीबी की मदद से पुलिस ने छुड़ाया
पत्नी की बहन को अगवा कर बनाया बंधक, पहुंची पुलिस
इटावा. इटावा जिले में एक युवक ने अपनी ही पत्नी की बहन को अगवा कर मकान में बंधक बनाए रखा। मकान की पहली मंजिल से पीड़िता ने मदद की गुहार लगाई। राहगीरों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। बंधक युवती को छुड़ाने के लिए पुलिस जेसीबी लेकर पहुंच गई। जेसीबी की मदद से युवती को नीचे उतारा गया। पुलिस ने आरोपी शख्स के खिलाफ केस दर्ज किया है। पत्नी की बहन को बंधक बनाने का मामला वैदपुरा थाना इलाके का है। दरअसल, वैदपुरा थाने के अंतर्गत मुख्य रोड पर बने एक मकान की पहली मंजिल की खिड़की से युवती राहगीरों से मदद की गुहार लगा रही थी। ये युवती रोते हुए खुद को मुक्त कराने की मांग कर रही थी। राहगीरों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
खीरी जिले की घटना के बाद वाराणसी में अलर्ट जारी
वाराणसी. लखीमपुर खीरी की घटना के बाद वाराणसी जिले में अलर्ट जारी कर दिया गया है। सोमवार को किसानों के धरने के ऐलान के बाद वाराणसी में पुलिस महकमा अलर्ट हो गया। जिले में रेलवे स्टेशन, रोडवेज बस स्टेशन सहित अन्य जगहों पर पुलिस बल तैनात कर दिए गए । जिले में किसी तरह की अप्रिय घटना होने की आशंका के चलते अलर्ट जारी किया गया। रविवार देर रात मुख्यमंत्री की ओर से निर्देश आने के बाद से ही पुलिस कमिश्नर ने सभी अधिकारियों को सोमवार को किसानों के प्रस्तावित धरना, प्रदर्शन के मद्देनजर अलर्ट पर रहने का निर्देश दिया। उधर, मामले में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अमित वर्मा का कहना है कि किसानों के धरना-प्रदर्शन के आह्वान के मद्देनजर जिले के बॉर्डर के साथ ही हाईवे, रिंग रोड, रेलवे स्टेशन पर विशेष नजर रखने का निर्देश थाना प्रभारियों को दिया गया।
कानपुर की सड़कों पर फर्राटा भरेंगी इलेक्ट्रिक बसें
कानपुर. जिले में इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू होगा। इलेक्ट्रिक बसों का किराया लगभग सिटी बसों के समान ही होगा। बसों के संचालन को लेकर पांच अक्टूबर को एसपीवी (स्पेशल परपज व्हीकल) की बैठक होगी। शहर में इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से प्रदूषण कम होगा और पर्यावरण संरक्षण पर भी जोर रहेगा। शुरुआती दौर में दस रूट तय किए गए हैं और धीरे-धीरे शहर की अन्य सड़कों पर भी बसों के संचालन की योजना है। इलेक्ट्रिक बसों की सीटों को बेहद आरामदायक बनाया गया है और ये एक निश्चित रफ्तार से चलेंगी। रोजाना सफर करने वालों के लिए ये बसों काफी सुविधाजनक साबित होंगी।
शादी करने के लिए घर से भागी लड़कियां
गोरखपुर. एक ही गांव की रहने वाली 17 वर्षीय किशोरी और 19 वर्षीय युवती में गहरी दोस्ती है। दोनों का घर आमने-सामने है। 27 सितंबर की रात में दोनों घर से गायब हो गईं। जानकारी होने पर स्वजन ने खोजबीन शुरू की लेकिन पता नहीं चला। अपहरण का संदेह जताते हुए किशोरी के स्वजन ने पड़ोस में रहने वाले एक युवक के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने घर पर मौजूद युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की लेकिन दोनों सहेलियों के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली। सर्विलांस की मदद से छानबीन करने पर पता चला कि दोनों अहमदाबाद में है। पुलिस के संपर्क करने पर उन्होंने बताया कि एक-दूसरे से प्रेम करती हैं। शादी करने के लिए घर छोड़ा है। थानेदार के समझाने पर शनिवार को दोनों घर लौट आईं। प्रभारी निरीक्षक सहजनवां देवेंद्र लाल ने किशोरी का कोर्ट में बयान कराया जाएगा, जिसके बाद आगे की कार्रवाई होगी।
सिगरेट न देने पर दुकानदार की हत्या
अमेठी. सोमवार को पुलिस ने दो हत्यारोपियों को दो अवैध तमंचे के साथ गिरफ्तार किया। हत्यारोपियों ने पुलिस को बताया कि वह शराब पीने के बाद रामकुमार यादव की दुकान पर सिगरेट लेने गए थे। 8 रुपये की सिगरेट न देने पर हम लोगों का विवाद हो गया। संदीप ने रामकुमार को डंडे से मारा, जिससे वह बेहोश हो कर गिर गया। उसकी मौत हो गई। सीओ अर्पित कपूर ने कहा कि अपराध और अपराधियों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाया गया था। एसओ संग्रामपुर अंगद सिंह व एसओजी प्रभारी धीरेंद्र कुमार वर्मा एक साथ चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान मुखबिर की सूचना पर दो संदिग्ध व्यक्तियों को धनापुर चौराहा के पास से गिरफ्तार किया गया। संदीप के कब्जे से एक अवैध तमंचा, एक कारतूस 315 बोर व अमन सरोज के कब्जे से एक अवैध तमंचा, एक कारतूस 315 बोर बरामद हुआ।
Published on:
4 Oct 2021, 5:30 PM IST
बड़ी खबरें
View Allलखनऊ
उत्तर प्रदेश
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.