1 नवंबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Quick Read: श्रीकाशी महाकाल एक्सप्रेस और लखनऊ शटल सुपरफास्ट ट्रेन संचालन को हरी झंडी

कोरोना काल के समय से बंद श्रीकाशी-महाकाल एक्सप्रेस और लखनऊ-वाराणसी के बीच शटल सुपरफास्ट एक्सप्रेस के संचालन को हरी झंडी मिल गई। रविवार अपराह्न से महाकाल एक्सप्रेस का संचालन कैंट स्टेशन से शुरू हो गया तो वहीं 17 नवंबर से लखनऊ-वाराणसी के बीच शटल सुपरफास्ट ट्रेन का परिचालन शुरू होगा।
4 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

लखनऊ

•

image

Karishma Lalwani

•

Updated: 14 Nov 2021, 4:00 PM IST

श्रीकाशी महाकाल एक्सप्रेस और लखनऊ शटल सुपरफास्ट ट्रेन संचालन को हरी झंडी

श्रीकाशी महाकाल एक्सप्रेस और लखनऊ शटल सुपरफास्ट ट्रेन संचालन को हरी झंडी

श्रीकाशी महाकाल एक्सप्रेस और लखनऊ शटल सुपरफास्ट ट्रेन संचालन को हरी झंडी

वाराणसी. कोरोना काल के समय से बंद श्रीकाशी-महाकाल एक्सप्रेस और लखनऊ-वाराणसी के बीच शटल सुपरफास्ट एक्सप्रेस के संचालन को हरी झंडी मिल गई। रविवार अपराह्न से महाकाल एक्सप्रेस का संचालन कैंट स्टेशन से शुरू हो गया तो वहीं 17 नवंबर से लखनऊ-वाराणसी के बीच शटल सुपरफास्ट ट्रेन का परिचालन शुरू होगा। रेल अधिकारियों के अनुसार ट्रेन संख्या 82403 श्रीकाशी-महाकाल एक्सप्रेस का संचालन सप्ताह में प्रत्येक रविवार को होगा। यह ट्रेन कैंट स्टेशन से अपराह्न सवा तीन बजे खुलेगी और प्रयागराज, कानपुर, झांसी, संत हिरदाराम नगर से होते हुए दूसरे दिन सोमवार की सुबह 7.05 बजे उज्जैन और सुबह 9.05 बजे इंदौर स्टेशन पहुंचेगी। उधर से ट्रेन संख्या 82404 महाकाल एक्सप्रेस प्रत्येक सोमवार को सुबह 10.15 बजे इंदौर से खुलेगी और 11.25 बजे उज्जैन के रास्ते संत हिरदाराम नगर, झांसी, कानपुर और प्रयागराज होते हुए दूसरे दिन सुबह चार बजे भोर में कैंट स्टेशन पहुंचेगी।

कल से पुराने नंबर से चलेंगी एनईआर की 176 ट्रेनें

गोरखपुर. रेलवे ने कोरोना काल में मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को दिए गए विशेष ट्रेन का दर्जा अब खत्म कर दिया है। पूर्वोत्तर रेलवे में 15 नवंबर से 176 ट्रेनें अब पूर्व की तरह एक्सप्रेस, मेल व पैसेंजर ट्रेन के रूप में चलाई जाएंगी। सभी ट्रेनों को पुराने नंबर से ही चलाया जाएगा। एक्सप्रेस ट्रेनों का पहला अंक शून्य की जगह एक हो जाएगा। इन ट्रेनों में किराया भी कोरोना काल के पहले वाला ही लगेगा। जिन ट्रेनों के नंबर में बदलाव हुआ है उनमें गोरखधाम, एलटीटी सुपरफास्ट, दादर, गोदान, गोरखपुर यशवंतपुर, गोरखपुर मैलानी, गोरखपुर आनंद विहार, गोरखपुर पुणे आदि ट्रेनें शामिल हैं। ट्रेनों का समय, स्टॉपेज पूर्व की तरह ही रहेगा। इसमें कोई बदलाव नहीं किया गया है। इसके अलावा एक्सप्रेस ट्रेनों की जनरल बोगी में पूर्व की तरह आरक्षित टिकट ही लगेगा। कोरोना प्रोटोकॉल का पूरी तरह से पालन करना होगा। वेटिंग टिकट पर यात्रा की इजाजत नहीं मिलेगी।

जनसभा से पहले हवाई सर्वेक्षण करेंगे पीएम मोदी

महोबा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 19 नवंबर को झांसी से महोबा आते समय लहचूरा बांध, अर्जुन सहायक परियोजना समेत अन्य सिंचाई व पेयजल परियोजनाओं का हवाई सर्वेक्षण करेंगे। निर्माणाधीन एक्सप्रेस-वे का भी अवलोकन कर सकते हैं। उनके साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी रहेंगे। जिले में प्रधानमंत्री कई विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। प्रशासन ने इसके लिए तैयारी को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। प्रशासनिक अफसरों के मुताबिक, प्रधानमंत्री 19 नवंबर को दोपहर करीब दो बजे हेलिकॉप्टर से महोबा पहुंचेंगे। महोबा पुलिस लाइन में तीन से ज्यादा हेलीपैड तैयार किए जाने हैं। पुलिस लाइन से ही 50 मीटर दूर स्थित मैदान में जनसभा होगी।

वाराणसी से दिल्ली तक बुलेट ट्रेन की डीपीआर तैयार

वाराणसी. छह माह की मेहनत के बाद वाराणसी से दिल्ली तक चलने वाली बुलेट ट्रेन का डीपीआर तैयार कर दिया गया है। नौ नवंबर को मुकम्मल रिपोर्ट रेल मंत्रालय को सौंप दी गई है। अब शासनादेश मिलने के साथ ही वाराणसी जिला प्रशासन जमीन अधिग्रहण करने की प्रक्रिया प्रारंभ कर देगा। भारतीय रेलवे के उपक्रम एनएचएसआरसीएल (नेशनल हाई स्पीड रेल कारिडोर लिमिटेड) ने डीपीआर तैयार की है। पूर्वोत्तर रेलवे के ज्ञानपुर ट्रैक के किनारे से बुलेट ट्रेन के लिए हाई स्पीड कारिडोर बनाया जाएगा। यह कारिडोर वाराणसी के 30 गांवों से 22 किलोमीटर गुजरेगा। इसके लिए 30 गांवों की कुल 100 हेक्टेअर भूमि की दरकार होगी। पूर्वोत्तर रेलवे के ज्ञानपुर ट्रैक के किनारे हाई स्पीड कारिडोर निर्माण के लिए जमीन की तलाश पूरी हो गई है। अब भूमि अधिग्रहण की कवायद की जानी शेष है।

राष्ट्रपति करेंगे शताब्दी कैलेंडर का विमोचन

कानपुर. एचबीटीयू में शताब्दी समारोह का आयोजन 25 नवंबर को संस्थान के पश्चिम कैंपस में होगा। मुख्य अतिथि राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द का कार्यक्रम भी राष्ट्रति भवन से आ गया है। कार्यक्रम में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व अन्य राजनेता भी शामिल हो सकते हैं। समारोह के लिए संस्थान में तैयारियां तेज हो गई है। यहां शताब्दी गेट, शताब्दी स्तंभ के साथ ही आडिटोरियम, छात्रावास और हेलीपैड का लोकार्पण होना है। संस्थान के अधिकारियों ने बताया कि संस्थान की 100 वर्ष की उपलब्धियां शताब्दी स्तंभ में रखी जाएंगी। साथ ही शताब्दी कैलेंडर का विमोचन होगा। संस्थान ने एक वर्ष के दौरान 100 प्रमुख कार्यक्रम भी आयोजित किए हैं, उनका भी वर्णन किया जाएगा। समारोह के संबंध में अन्य विभागों के अधिकारियों को भी पत्र भेजा गया।

बहराइच में तेंदुए ने ग्रामीण को किया घायल

बहराइच. बहराइच जिले के कतर्नियाघाट वन्यजीव विहार अंतर्गत बिशनपुर गांव में जंगल से निकल कर आए तेंदुए ने खेत में मवेशी चरा रहे एक ग्रामीण पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। ग्रामीणों के मुताबिक वन्यजीव विहार के कतर्नियाघाट रेंज अंतर्गत विशुनापुर गांव निवासी दहना (51) शनिवार को खेतों में अपनी बकरियों को चरा रहा था और इसी दौरान जंगल से निकल कर आए तेंदुए ने ग्रामीण पर हमला कर दिया। ग्रामीणों के अनुसार तेंदुए ने दहना का सिर अपने जबड़े में दबोच लिया था। आसपास खेतों से पहुंचे लोगों द्वारा शोर मचाने और दहना के स्वयं काफी जद्दोजहद के बाद वह खुद को तेंदुए से छुड़ा सका। घायल व्यक्ति को ग्रामीणों द्वारा पास स्थित आंबा प्राथमिक स्‍वास्‍थ्‍य केंद्र में भर्ती कराया गया जहां हालत नाजुक होने पर उसे मोतीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेफर किया।

चलती ट्रेन से गिरकर दंपत्ति की मौत

कानपुर. छठ के बाद बलिया से दिल्ली जा रहे दंपती की सचेंडी में ट्रेन से गिरकर मौत हो गई। पुलिस ने आशंका जताई है कि बोगी में भीड़ के कारण दंपती गेट के पास सफर कर रहा होगा तभी हादसा हो गया। देर रात दोनों का शव ट्रैक किनारे पड़ा मिला। तभी का हादसा बताया जा रहा है। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बलिया के फेफना थाना क्षेत्र के भिसवार गांव निवासी जयराम (38) पत्नी मीना देवी (33) के साथ दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करते थे। दोनों बच्चे सूरज और प्रमोद गांव में ही बाबा-दादी के पास रहते हैं। हादसे की जानकारी पर पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे जयराम के पिता जोगी राजभर ने बताया कि बेटा और बहू छठ पूजा मनाने के लिए गांव आए थे। गुरुवार को दिल्ली वापस जाने के लिए ट्रेन से निकले थे। इसके बाद सचेंडी पुलिस ने हादसे की सूचना दी।

ये भी पढ़ें: Quick Read: स्टीकर से पहचाने जाएंगे वैक्सीनेशन करा चुके परिवार

ये भी पढ़ें: Quick Read: नए साल में 18 लाख बच्चों को लगेगा कोरोना का टीका

बड़ी खबरें

View All

लखनऊ

उत्तर प्रदेश