10 नवंबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

कमरे में अंगीठी जलाकर सो रही थीं तीन बहनें, मौत

ठंड के कारण अंगीठी जलाकर एक ही कमरे में सो रही तीन बहनों में से दो की दम घुटने से मौत हो गई।
6 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

लखनऊ

•

image

Karishma Lalwani

•

Updated: 21 Dec 2020, 1:57 PM IST

कमरे में अंगीठी जलाकर सो रही थीं तीन बहनें, मौत

कमरे में अंगीठी जलाकर सो रही थीं तीन बहनें, मौत

कमरे में अंगीठी जलाकर सो रही थीं तीन बहनें, दम घुटने से दो की मौत

गोरखपुर. ठंड के कारण अंगीठी जलाकर एक ही कमरे में सो रही तीन बहनों में से दो की दम घुटने से मौत हो गई। जिले के बड़हलगंज थाना क्षेत्र के मझवलिया गांव में अवधेश प्रसाद की तीन बेटियां प्रतिमा (20), अंतिमा (18) व निधी (17) रविवार की रात एक कमरे में कोयले की अंगीठी जलाकर सो गईं। कमरे में खिड़की व रोशनदान न होने के कारण रात में ऑक्सीजन का स्तर कम हो गया। ऐसे में अंगीठी के धुंए से दो बहनों अंतिमा व निधि की दम घुटने से मौत हो गई। जबकि एक घायल है। दो बेटियों की मौत के बाद पिता अवधेश बदहवास हो गए। उन्होंने बिलखते हुए बताया कि रात में तीनों बेटियां भोजन करने के बाद कमरे में सोने चली गईं थीं। सोमवार की भोर में सवा तीन बजे जगाने पर कोई आवाज नहीं आई, तो लोहे के रॉड से दरवाजा तोड़ा गया। इस दौरान तीनों बेटियां अचेत थीं।

सड़क पर फेंकी पीपीई किट, नगर निगम ने वसूला 50 हजार जुर्माना

लखनऊ. महात्मा गांधी वार्ड में रविवार को फिल्म शूट करने वालों ने कई पीपीई किट सड़क पर फेंक दीं। इसकी शिकायत के बाद नगर निगम ने गंदगी और संक्रमण फैलाने को लेकर 50 हजार रुपये जुर्माना वसूला। नगर निगम के जोनल अधिकारी दिलीप श्रीवास्तव ने कहा कि महात्मा गांधी वार्ड में सरोजनी नायडू मार्ग पर घोड़ा अस्पताल के पास एक बंगले में किसी फिल्म की शूटिंग हो रही है। शूटिंग करने वालों ने इस्तेमाल की हुई काफी पीपीई किट सड़क पर खुले में फेंक दीं। इसकी शिकायत भी आई। निरीक्षण के दौरान मामला सही निकला। इस पर उनको ऐसा करने से मना किया गया तो शूटिंग करने वाले भड़क गए। गंदगी और कोरोना संक्रमण फैलाने का लेकर जब जुर्माना लगा तो धमकाने लगे। इस पर पुलिस को सूचना दी गई। जब एफआईआर की नौबत आई तब 50 हजार रुपये जुर्माना जमा किया।

फर्जी मृत्यु प्रमाणपत्र बनवाकर भूमि हड़पने की साजिश में दर्ज हुआ मुकदमा

गोरखरपुर. जनपद में फर्जी मृत्यु प्रमाणपत्र तैयार कराके भूमि हड़पने की साजिश के 12 आरोपियों के खिलाफ कैंट थाने में साजिश, धोखाधड़ी व कूटरचित दस्तावेज तैयार करने सहित कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मुकदमा एडीजी दावा शेरपा के हस्तक्षेप के बाद दर्ज किया गया। मेसर्स सिटी बिल्डर्स एंड कालोनाइजर्स दुर्गाबाड़ी के पार्टनर दिग्विजय सिंह व कमलेश कुमार सिंह ने आठ दिसंबर को एडीजी दावा शेरपा से मिलकर 12 लोगों पर फर्जी मृत्यु प्रमाणपत्र व कूटरचित दस्तावेज तैयार कराके भूमि हड़पने की साजिश रचने का आरोप लगाया था। कमलेश ने तहरीर देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की थी। इसका परीक्षण एडीजी ने कराया, फिर कैंट थाने में मुकदमा दर्ज करके आगे की कार्रवाई करने का आदेश दिया। पुलिस को जो तहरीर दी गई थी, उसके मुताबिक यूसुफ अली व गुलाम हुसैन सहित अन्य ने मेहंदी हसन का मृत्यु प्रमाणपत्र गलत तरीके से बनवाया है। मेहंदी हसन की मृत्यु 15 मार्च 2011 दिखाई गई और फर्जी दस्तावेज लगाकर 15 मार्च 2019 को मृत्यु प्रमाणपत्र बनवा लिया गया। इस काम में तेनुआ गांव के अभय प्रताप सिंह सहित कइयों ने सहयोग किया था।

राजस्व विभाग की जांच के बाद ही नगर निगम जारी करेगा मृत्यु प्रमाणपत्र

गोरखपुर. किसी व्यक्ति की मृत्यु के प्रमाणपत्र का दुरुपयोग न हो इसलिए नगर निगम ने मृत्यु प्रमाणपत्र बनवाने की प्रक्रिया को सख्त कर दिया है। अब यदि किसी व्यक्ति की मौत के एक साल बाद मृत्यु प्रमाणपत्र बनाने के लिए आवेदन किया जाएगा तो नगर निगम उसे राजस्व विभाग के पास भेजेगा। राजस्व विभाग की ओर से जारी जांच रिपोर्ट के आधार पर ही निगम मृत्यु प्रमाणपत्र जारी करेगा। दरअसल, हाल ही में कई ऐसे मामले सामने आए हैं, जिसमें नगर निगम की ओर से जारी मृत्यु प्रमाणपत्र का गलत इस्तेमाल किया गया। ज्यादातर मामले संपत्ति, जमीन आदि से संबंधित हैं। कुछ ऐसे भी मामले सामने आए हैं, जिसमें करीब डेढ़ दशक पहले हुई किसी की मौत का मृत्यु प्रमाणपत्र मौत की वास्तविक तारीख से अलग बनवा लिया गया। नगर निगम की ओर से जारी मृत्यु प्रमाणपत्र के आधार पर जमीन संबंधी मामले में एक शख्स द्वारा मुकदमा दर्ज करा दिया गया। ऐसे मामलों में निगम के अधिकारियों को कोर्ट में हाजिरी लगानी पड़ती है। इन वजहों को देखते हुए निगम प्रशासन ने मृत्यु प्रमाणपत्र जारी करने की प्रक्रिया में बदलाव किया है।

सामूहिक दुष्कर्म आरोप में बाहुबली विधायक विजय मिश्र का पोता गिरफ्तार

वाराणसी. बनारस की गायिका के साथ सामूहिक दुष्कर्म का आरोपी बाहुबली विधायक विजय मिश्र के पोते विकास मिश्र को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे कौलापुर रेलवे क्रॉसिंग के पास से पकड़ा। पीड़ित युवती ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि विधायक विजय मिश्र 2014 से उसका शारीरिक शोषण कर रहे थे। 2014 में विधायक विजय मिश्र ने कार्यक्रम के लिए बुलाया था। स्टेज पर जाने से पूर्व जब वह अंदर कपड़े बदल रही थी, उसी समय विधायक कमरे में घुस गए और डरा-धमकाकर दुष्कर्म किया। इसके बाद विधायक के पुत्र और पौत्र ने भी उससे दुष्कर्म किया। वह 2016 में वह मुंबई चली गई, लेकिन विधायक बराबर वीडियो कॉल कर अश्लील हरकतें करते रहते थे। मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने आगे की कार्रवाई करते हुए आज विकास मिश्र को गिरफ्तार कर लिया।

घर में फांसी पर लटके मिले प्रेमी युगल के शव

उन्नाव. अजगैन कोतवाली क्षेत्र के गांव उगरापुर कौड़िया में सोमवार को प्रेमिका के घर में उसका और प्रेमी का शव फांसी के फंदे पर लटके मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने घटना की छानबीन शुरू की और प्रथम दृष्टया खुदकुशी मान रही। वहीं दूसरी ओर ग्रामीणों के बीच किशोर प्रेमी युगल की हत्या करके शव फांसी के फंदे पर लटकाने की चर्चा बन गई। दोनों के परिवार वाले घटना को लेकर फिलहाल चुप्पी साधे हुए हैं। उगरापुर कौड़िया निवासी 17 वर्षीय किशोर का पड़ोस में रहने वाली 17 वर्षीय किशोरी से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों घर वालों की नजरों से बचकर छिपकर मिलते थे। लेकिन अपने रिश्ते की बात घर वालों को बताने से डरते थे। इसके बाद सोमवार की सुबह दोनों के शव घर के कमरे में फांसी के फंदे पर लटकते हुए मिले। सुबह नाबालिग प्रेमी युगल के शवों को फांसी पर लटके देखकर स्वजन ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की।

ऋषिकेश की तरह काशी की गंगा पर भी बनेगा 'लक्ष्मण झूला'

वाराणसी. ऋषिकेश की तरह बनारस में भी गंगा पर जल्द लक्ष्मण झूला बनेगा। यह झूला एक पाथवे के रूप में गंगापार से काशी विश्वनाथ धाम को जोड़ेगा। धर्मार्थ कार्य विभाग ने इस पर मंथन शुरू कर दिया है। विभाग ने इस संबंध में एक प्रस्ताव प्रदेश सरकार को भी सौंपा है। वहां से हरी झंडी मिलने के बाद झूला निर्माण के लिए डीपीआर पर काम शुरू होगा। यह कॉरिडोर में प्रवेश के लिए दूसरा विकल्प बनेगा। धर्मार्थ कार्य मंत्री नीलकंठ तिवारी ने कहा कि काशी विश्वनाथ धाम में फिलहाल ललिता घाट के पास से प्रवेशद्वार तैयार किया जा रहा है। गंगा के एक छोर पर स्थित खिड़किया घाट और दूसरे छोर पर स्थित अस्सी घाट से नाव के जरिए लोग ललिताघाट तक पहुंच सकते हैं। इसके अलावा घाटों से पैदल भी यहां तक आया जा सकता है।

1 किलो 300 ग्राम गांजे के साथ एक गिरफ्तार

लखीमपुर खीरी. कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर शहर निवासी एक आरोपी को 1 किलो 300 ग्राम गांजे के साथ धर गिरफ्तार किया। इसके अलावा एक अन्य वांछित अपराधी को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया। पलिया कोतवाली क्षेत्र में इन दिनों नशीले पदार्थ का अवैध व्यापार जोरों पर चल रहा है। शहर के कई इलाकों में स्मैक, चरस व गांजे की बिक्री की जा रही है और पुलिस अनजान बनी हुई है। दरअसल, कोतवाली पुलिस को मुखबिर की सूचना पर बड़ी कामयाबी हाथ लगी। मुखबिर की सूचना पर एसआई नन्द कुमार यादव ने आरक्षी विष्णु कुमार सिंह व घनश्याम शर्मा के साथ दुधवा तिराहे के पास से एक आरोपी को घेराबंदी कर पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपी के पास से पुलिस को मौके से 1 किलो 300 ग्राम गांजा बरामद हुआ।

शादी से पहले युवती को ले गए ससुराल वाले, रिपोर्ट दर्ज

औरैया. औरैया जिले के सहायक में शादी के पहले ही युवक व उसके परिजन लड़की को बहला-फुसलाकर अपने घर ले गए। लड़की के पिता की तहरीर पर पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव नविमोहन निवासी एक व्यक्ति ने थाने में तहरीर दी है कि उनकी लड़की की शादी एक साल पहले फफूंद थाना क्षेत्र के पीपरपुर गांव के एक लड़के के साथ तय की थी। उस समय पुत्री नाबालिग थी, इसलिए कुछ रस्में पूरी कर शादी पक्की कर दी थी। शनिवार को वह घर पर नहीं था, तभी लड़का व उसके परिजन घर आए और पुत्री को अपने साथ लिवा ले गए। जानकारी होने पर लड़के के परिजनों से पुत्री को घर भेजने की बात कही, लेकिन उन लोगों ने रविवार की देरशाम तक पुत्री को घर नहीं भेजा। उधर, थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़ित लड़की के पिता की तहरीर पर लड़के व उसके परिवार के सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

फोन बिजी मिलने पर मंगेतर की कर दी हत्या, गिरफ्तार

सुल्तानपुर. जनपद में एक युवक ने फोन बिजी जाने पर अपने मंगेतर की हत्या कर दी। मामले में आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक सुल्तानपुर जिले के जयसिंहपुर थाना क्षेत्र के कुर्मी बिजौली गांव में पिछले महीने युवती की हत्या हुई थी। मृतका की गांव के ही रहने वाले आरोपी युवक से सगाई हो चुकी थी और जल्द ही उनकी शादी होने वाली थी। आरोपी युवक का कहना है कि वह जब भी अपनी मंगेतर को फोन करता तो वह हमेशा व्यस्त मिलता था। इस मुद्दे पर पिछले महीने 26 नवंबर को दोनों के बीच खूब बहस भी हुई थी। बात इतनी बढ़ गई कि आरोपी युवक ने पास रखी कड़छी से उस लड़की पर लगातार कई वार किए। इससे लड़की की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद युवक वहां से भाग गया।

ये भी पढ़ें:भूख प्यास और ठंड से हो रही सैकड़ों गोवंशों की मौत, गौशालाओं में ठंड से बचने के नहीं पर्याप्त इंतजाम