लखनऊ. गैंगस्टर विकास दुबे के एनकाउंटर के बाद उत्तर प्रदेश में जातीय सियासत एक बार फिर गरमा गई है। उज्जैन में विकास दुबे के सरेंडर के बाद पुलिस ने उसका एनकाउंटर कर दिया। एनकाउंटर के बाद प्रदेश की राजनीति में नई बहस छिड़ गई और इसे ब्राह्मण होने से जोड़ा जाने लगा। विपक्षी नेताओं का नेताओं का कहना है कि जब विकास दुबे ने सरेंडर कर दिया था तो उसका एनकाउंटर क्यों किया गया। उनका कहना है कि योगी सरकार के कार्यकाल के दौरान ब्राह्मणों का उत्पीड़न बढ़ता चला जा रहा है। हालांकि अखिलेश यादव, प्रियंका गांधी और मायावती ने इस एनकाउंटर पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की, लेकिन कांग्रेस के ही बड़े नेता जितिन प्रसाद ने इसे ब्राह्मणों से जोड़कर योगी सरकार को कटघरे में खड़ा करने की कोशिश की है। कहीं न कहीं उनकी कोशिश विकास दुबे के एनकाउंटर से उमड़ी नाराजगी को भुनाकर ब्राह्मणों को अपने पाले में करने की है।