लखनऊ. कानपुर में आठ पुलिसकर्मियों की हत्या (Kanpur Encounter) के बाद उत्तर प्रदेश की पुलिस अपराधियों की धर पकड़ के लिए एक्शन में आ गई है। प्रशासन ने विकास दुबे (Vikas Dubey) की संपत्तियों की जांच शुरू कर दी है। कानपुर में उसके नाम सिर्फ डेढ़ बीघा जमीन निकली है। कानपुर देहात, लखनऊ समेत अन्य जिलों में भी संपत्तियों को खंगाला जा रहा है। उधर, यूपी पुलिस ने प्रदेश के अन्य आरोपियों पर भी शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। यूपी की जेलों से जुर्म का कारोबार चलाने वाले कुख्यात गैंगस्टर अनिल दुजाना और सुंदर भाटी और इनके गुर्गों की संपत्तियों पर पुलिस ने दो दिन में ताबड़तोड़ छापेमारी की है। पुलिस ने इनके पास से करोड़ों की कार, ट्रक, कोठी और जमीनें जब्त की हैं। अब तक पुलिस ने 11 करोड़ 35 लाख की संपत्ति जब्त की है।