
पुलिस की सीबीआई जांच पर कल्पना तिवारी का आया बड़ा बयान, कहा नहीं की थी इसकी मांग
लखनऊ. राजधानी में बहुचर्चित विवेक तिवारी मर्डर मामले में मृतक की पत्नी कल्पना तिवारी से गुरुवार को डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा ने मुलाकात की। उनके आवास पर उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा के साथ कैबिनेट मंत्री आशुतोष टंडन तथा महापौर संयुक्ता भाटिया ने उनको नियुक्ति पत्र प्रदान किया। इसके बाद मृतक विवेक तिवारी की पत्नी कल्पना तिवारी का बयान आया है, जिसमें उन्होने कहा कि राज्य सरकार ने मुझसे जो भी वादे किये थे वो धीरे धीरे पूर्ण कर रही है।
वहीं सीबीआई जांच को लेकर विवेक की पत्नी कल्पना ने साफ किया कि उन्होंने सीबीआई जांच की मांग कभी नहीं की थी। उनकी मांग सिर्फ मामले की निष्पक्ष जांच की थी। उन्होंने कहा कि हमें पता है कि दोषी कौन है? दोषियों के खिलाफ कार्रवाई हो, यही हम चाहते हैं. उन्होंने अभी तक की जांच और न्याय, सरकार पर पूरा भरोसा जताया।
कल्पना तिवारी ने कहा कि मुख्य बात न्याय की थी और थोड़ी इस बात की संतुष्टि है कि सरकार ने मेरे से जो भी वादा किए थे वह धीरे-धीरे पूर्ण कर रही है। उन्होंने कहा कि मैंने पहले भी कहा है कि सरकार पर मुझे पूरा भरोसा है। थोड़ी सी संतुष्टि मिल रही है कि मुझे न्याय मिलेगा और उम्मीद है कि इसमें देरी नहीं होगी।
बता दें मामले में पिछले दिनों सीबीआई जांच कराने की मांग को लेकर दायर की गई जनहित याचिका हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच ने खारिज कर दी है। हाईकोर्ट ने कहा है कि याची का इस मामले से कोई वास्ता नहीं है, इसलिए इसे खारिज किया जाता है। विवेक तिवारी की हत्या की सीबीआई जांच कराने की मांग को लेकर शमशेर यादव जगराना ने हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर की थी। उन्होंने कहा था कि एसआईटी जांच में भी यूपी पुलिस के ही सदस्य शामिल हैं, ऐसे में जांच को प्रभावित किया जा सकता है इसलिए मामले की सीबीआई जांच कराई जानी चाहिए।
Updated on:
11 Oct 2018 04:17 pm
Published on:
11 Oct 2018 04:17 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
