
स्वच्छता अभियान में सीएम योगी
World Environment Day: नाचता मोर जितना सुंदर दिखता है, उसके पंाव उतने ही गंदे होते हैं। स्वच्छ भारत मिशन की हकीकत भी कुछ ऐसी है जिस पर अरबों रुपया खर्च किया जा चुका है। सीएसई के ताजा एनवायरमेंट रिपोर्ट में अपने सर्वेक्षण और अध्ययन के आधार पर खुलासा किया है कि यूपी में हर दिन निकलने वाले कचरे में 62 % कूड़े की गणना नहीं की जाती है।
जबकि हिमालयी राज्यों में उत्तराखंड के पास अनकाउंटेड वेस्ट का कोई हिसाब नहीं है तो जम्मू-कश्मीर में प्रतिदिन निकलने वाले 1436.23 टन कचरे में 36.89 % कचरा अनकाउंटेड वेस्ट होता है।
यूपी में रोजाना 14710 टन नगरीय कूड़ा
उत्तर प्रदेश में प्रतिदिन निकलने वाले 14710 टन नगरीय ठोस अपशिष्ट में 62.47 % कचरा गणना से बाहर होता है। अनकाउंटेड वेस्ट का मतलब है कि ऐसा कूड़ा जिसका कोई हिसाब-किताब नहीं रखा जाता है, यह कूड़ा लैंडफिल साइट तक नहीं पहुंच रहा है और जहां-तहां सडक़ों-नालियों में जाम है। नई दिल्ली स्थित थिंकटैंक सेंटर फॉर साइंस एंड एनवाॉयरमेंट की एसओई इन फिगर्स 2023 रिपोर्ट में इसका खुलासा किया गया है।
नार्थ ईस्ट भी कूड़ा फैलाने में अव्बल हैं
अकेले उत्तर प्रदेश कूड़ा बिखेरने वाला राज्य नहीं है बल्कि ऐसा करने वाले राज्यों की संख्या दस है। सर्वाधिक अनअकाउंटेड वेस्ट (गणना से बाहर अपशिष्ट) वाले 10 राज्यों में से छह उत्तर पूर्व में हैं। इनमें असम (96.55 %), पश्चिम बंगाल (93.66 %), अरुणाचल प्रदेश (88.37 %), नागालैंड (60.82 %), मणिपुर (32.59 %) और त्रिपुरा (32.03 %) शामिल हैं।
उत्तराखंड के पास हिसाब ही नहीं
हिमालयी राज्यों में उत्तराखंड के पास अनकाउंटेड वेस्ट का कोई हिसाब नहीं है तो जम्मू-कश्मीर में प्रतिदिन निकलने वाले 1436.23 टन कचरे में 36.89 % कचरा अनकाउंटेड वेस्ट बनता है। अगर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की बात करें तो प्रतिदिन निकलने वाले 10990 टन कचरे में 2.40 % कचरा लैंडफिल में न पहुंचकर सडक़ों और नाला-नालियों में चला जाता है।
दिल्ली के आस-पास के राज्यों में भी अनकाउंटेड वेस्ट पैदा होता है। मसलन हरियाणा में प्रतिदिन निकलने वाले 5352 टन कचरे में 1.13 फीसदी कचरा अनकाउंटेड वेस्ट होता है, जबकि पंजाब में प्रतिदिन निकलने वाले 4,338 टन कचरे में 1.37 फीसदी और राजस्थान में प्रतिदिन निकलने वाले 6897 टन कचरे में 8.77 % अनकाउंटेड वेस्ट होता है।
एसओई इन फिगर्स 2023 रिपोर्ट के मुताबिक मध्य प्रदेश में प्रतिदिन निकलने वाले 8022.5 टन कचरे में 9.81 % अनकांउटेड वेस्ट होता है जबकि महाराष्ट्र में प्रतिदिन निकलने वाले 22632 टन कचरे में 27.49 % अनकाउंटेड वेस्ट होता है।
Published on:
04 Jun 2023 04:04 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
