
होली पर यूपी आने वाले लोगों के लिए योगी सरकार का नया आदेश, फोकस टोस्टिंग कराना अनिवार्य
लखनऊ. होली (Holi 2021)का त्योहार आने वाला है। इस दौरान कई लोगों का दूसरे राज्यों से अपने गृह जनपद उत्तर प्रदेश में आना होगा। होली के त्योहार में कोरोना वायरस के संक्रमण के फैलने का खतरा भी बना हुआ है। ऐसे में योगी सरकार ने दूसरे राज्यों से यूपी आने वाले लोगों के लिए सख्ती कर दी है। रविवार को उत्तर प्रदेश के अपर मुख्य सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने कहा कि प्रदेश में अधिक संक्रिमत राज्यों से आने वाले लोगों की जांच कराई जाएगी। फोकस टेस्टिंग पर जोर देते हुए योगी आदित्यनाथ सरकार ने प्रदेश में 13 मार्च से 27 मार्च तक टेस्टिंग अभियान चलाने को कहा है।
वैक्सीन बूथों पर सिर्फ महिला स्वास्थ्य कर्मियां
अपर मुख्य सचिव ने कहा कि सोमवार आठ मार्च को महिला दिवस के मौके पर अनूठी पहल की गई है। जनपद में तीन वैक्सीन बूथों पर सिर्फ महिला स्वास्थ्य कर्मियों की तैनाती रहेगी। इन बूथों पर 60 साल से अधिक की महिलाओं और 45 से 60 साल की महिलाएं जिन्हें पहले से चिन्हित किया गया है और गंभीर बीमारी से ग्रसित हैं उनका भी वैक्सीनेशन किया जाएगा। उन्होंने आगे बताया कि शनिवार को 1,08,486 सैंपल की जांच हुई। अब तक 32,086,306 सैंपल की जांच की गई है। वैक्सीन को लेकर कहा कि प्राइवेट अस्पतालों में वैक्सीन का दाम 250 रुपये रखा गया है। इससे ज्यादा अगर मांगा जाए तो सीएमओ से शिकायत करें।
यूपी में कोरोना के 117 नए मामले
उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस के पिछले 24 घंटे में 117 नये मामले आने के बाद अब तक प्रदेश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 6,04,279 हो गई जबकि आठ और लोगों की मौत के बाद प्रदेश में मरने वालों का आंकड़ा 8,737 पर पहुंच गया है। डिस्चार्ज होने वालों की संख्या 191 है। सक्रिय मामलों की संख्या घटकर अब 1,647 रह गई है। अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने रविवार को पत्रकारों को बताया कि राज्य में कोरोना के अब तक 6,04,279 मामले सामने आए हैं जबकि 8,737 लोगों की मौत हो चुकी है। उन्होंने बताया कि राज्य में अब 1647 संक्रमितों का इलाज चल रहा है, जिनमें से 707 पृथकवास में रहकर स्वास्थ्य लाभ ले रहे जबकि 82 मरीज निजी अस्पतालों में इलाज करा रहे हैं और बाकी मरीजों का सरकारी अस्पतालों में उपचार चल रहा है।
Published on:
8 Mar 2021, 1:32 PM IST
बड़ी खबरें
View Allलखनऊ
उत्तर प्रदेश
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.