10 नवंबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

यह है छत्तीसगढ़ के स्कूलों का हाल, कहीं शिकायत पेटियां गुम तो अग्निशमन यंत्र बने शो-पीस

स्कूलों में अग्निशमन यंत्र है, वहां के शिक्षकों को इसकी उपयोगिता के बारे में जानकारी नहीं है, न ही शिक्षा विभाग ने शिक्षकों को इसके लिए कोई टे्रनिंग दी है
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

महासमुंद

•

image

Deepak Sahu

•

Updated: 26 Jul 2018, 5:01 PM IST

complain box in school

यह है छत्तीसगढ़ के स्कूलों का हाल, कहीं शिकायत पेटियां गुम तो अग्निशमन यंत्र बने शो-पीस

महासमुंद. छात्र-छात्राओं की शिकायत व समस्याओं की सुध लेने के लिए स्कूलों में लगाई गई शिकायत पेटियां गायब हो गई हैं। शिक्षा विभाग के अफसर इससे बेखबर हैं। वहीं अग्निशमन यंत्र का भी हाल यही है। हद तो यह भी है कि जिन स्कूलों में अग्निशमन यंत्र है, वहां के शिक्षकों को इसकी उपयोगिता के बारे में जानकारी नहीं है। न ही शिक्षा विभाग ने शिक्षकों को इसके लिए कोई टे्रनिंग दी है।

पत्रिका टीम ने शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के कुछ स्कूलों का जायजा लिया, तो सच्चाई सामने आ गई। गिने-चुने स्कूलों को छोडक़र कहीं शिकायत पेटियां नहीं पाई गईं। हैरत की बात यह है कि जिन स्कूलों में शिकायत पेटियां लगाई गई थीं, उसका मकसद बताने में शिक्षा विभाग के अफसर अब नाकाम रहे। विद्यार्थियों को शिकायत पेटियों की उपयोगिता के बारे में जानकारी तक नहीं है। शिक्षकों से पता चला कि बच्चे देवी-देवता, फिल्मी अभिनेता और अभिनेत्रियों की तस्वीर पेटियों में डाल देते हैं। पुलिस जब शिकायत पेटियों को ओपन करती है, तब यह पता चलता है। कॉलेजों का भी यही हाल है। शासकीय आदर्श विद्यालय, शासकीय आदर्श कन्या विद्यालय, माता कर्मा महाविद्यालय, वल्लभाचार्य महाविद्यालय में दौरा किया। जहां शिकायत पेटी तो थी, लेकिन पॉक्सो बॉक्स नहीं थी। हालांकि, यह जानकारी दी गई कि पुलिस ही इस बक्से से समय-समय पर आकर ताला खोलती है।

पत्रिका ने शहर के विभिन्न स्कूल व कॉलेज में जाकर देखा अग्निशमन यंत्र तो था, लेकिन इसे चलाने का प्रशिक्षण केवल स्कूल के एक ही शिक्षक को दिया गया है, जो अन्य शिक्षकों को नहीं मालूम था। उनकी अनुपस्थित में कोई दुर्घटना होने पर अग्रिशमन यंत्र कोई काम का नहीं रहेगा। हालांकि, यंत्र में सभी निर्देश लिखे हुए हैं। वहीं जहां सैकड़ों विद्यार्थी पढ़ते हैं, वहां मात्र एक ही अग्निशमन यंत्र है। माता कर्मा कॉलेज में एक, वल्लभाचार्य महाविद्यालय में दो अग्निशमन यंत्र है।

महासमुंद के शासकीय आदर्श स्कूल की प्रभारी प्राचार्य एचके आचार्य ने कहा कि शिकायत पेटियां लगी हुई हैं, लेकिन इसकी मॉनिटरिंग हम नहीं करते हैं, पुलिस करती है। अभी तक कोई गंभीर शिकायत नहीं मिली है। पुलिस जांच करने के लिए आती है।

आदर्श शासकीय कन्या विद्यालय महासमुंद की प्राचार्य साधना कसार ने कहा कि अग्निशमनयंत्र, शिकायत पेटियां व फस्र्ट एड बॉक्स सभी हमारे पास हैं। शिकायत पेटियों की मॉनिटरिंग हम नहीं करते हैं। विभागीय शिकायतें स्कूल प्रबंधन खुद संभाल लेता है।

महासमुंद के जिला शिक्षा अधिकारी बीएल कुर्रे ने कहा कि पॉक्सो बॉक्स व शिकायत पेटी जागरूक प्राचार्यों ने अपने स्कूलों में लगाए हैं, लेकिन ये शहर के चार-पांच स्कूलों में हैं। ग्रामीण स्कूलों के ेबारे में जानकारी नहीं है। इसे लगाना ही है, ऐसा कोई निर्देश नहीं आया है।

विद्यार्थियों को चोट लगने पर प्राथमिक चिकित्सा उपलब्ध कराने के लिए फस्र्ट एड बॉक्स भी शहरी स्कूलों में ही थे। ग्रामीण क्षेत्र के अधिकांश स्कूलों में यह व्यवस्था नहीं थी। उन्हें स्थानीय स्वास्थ्य केंद्रों में लेकर जाया जाता है।

वहीं साराडीह उच्च प्राथमिक शाला में शिकायत पेटी नहीं थी। शासकीय स्कूल बरोंडाबाजार में सुझाव बॉक्स था। कुम्हारपारा मिडिल स्कूल में भी शिकायत पेटी नहीं थी। इसी तरह प्राथमिक व माध्यमिक शालाओं में शिकायत पेटियां नहीं रखी गई हैं। वहीं फस्र्ट एड बॉक्स भी शहरी स्कूलों में ही थे।