16 नवंबर 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

महोबा में मानवता हुई शर्मसार, शव वाहन न मिलने से बेटा बाप का शव गोदी में लेकर निकला

महोबा में मानवता हुई शर्मसार, शव वाहन न मिलने से बेटा बाप का शव गोदी में लेकर निकला
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

महोबा

•

image

Ruchi Sharma

•

Updated: 5 Oct 2017, 1:56 PM IST

mahoba

mahoba

महोबा. बुन्देलखण्ड के महोबा में मानवता शर्मसार हो गयी, पैसे के अभाव में पुत्र वाहन की व्यवस्था नहीं कर पाया और मजबूरन पिता की लाश गोद में उठाकर ले गया। बेबस पुत्र ने जिला अस्पताल में शव वाहन की कर्मचारियों से मांग की मगर उसे वाहन उपलब्ध नहीं कराया गया। किसी तरह अपने चाचा की मदद से शव गोद में टांग कर रिश्तेदार के दरवाजे तक लाया और वाहन के लिए चंदा इकट्ठा किया।

अति पिछड़े बुन्देलखण्ड क्षेत्र में सरकारी व्यवस्थाओं का टोटा और बदहाल स्वास्थ्य सेवाएं मानवता को भी शर्मसार कर रही है। मामला महोबा जनपद के जिला अस्पताल का है, जहां लंबी बीमारी से ग्रस्त 58 साल के बुजुर्ग की इलाज के दौरान मौत हो गयी थी। पैसे के अभाव में और अस्पताल द्वारा शव वाहन न मिलने से बेटा बाप की लाश को गोदी में उठाकर दर दर फिरता रहा।

दरअसल महोबा मुख्यालय से 25 किलोमीटर दूर कस्बा कुलपहाड़ में रहने वाला दलित राजा अपने 58 वर्षीय बीमार पिता भगवानदास को लेकर इलाज के लिए जिला अस्पताल आया था। राजा के साथ उसका चाचा टिंकू भी जिला अस्पताल में था। इलाज के दौरान बीमार भगवानदास की मृत्यु हो गयी और उसके बाद जो कुछ भी हुआ वो मानवता को झकझोर देने वाला था। राजा अपने मृत पिता का शव ले जाने के लिए जिला अस्पताल में एम्बुलेंस की मांग करता रहा,उसकी माने तो उसने कई बार कर्मचारियों से शव ले जाने के लिए एम्बुलेंस मांगी, अधिकारीयों को भी सूचना दी। लेकिन उसे वाहन नहीं दिया गया।

दलित राजा और उसके चाचा के पास इतने पैसे नहीं थे कि वो प्राइवेट वाहन किराए पर ले सके, ऐसे में पैसे के अभाव में चाचा और भतीजा शव को टांग कर जिला अस्पताल से सड़क पर आ गए। मृतक के पुत्र ने महोबा शहर में रह रहे अपने रिश्तेदारों से मदद मांगी और शव को लेकर एक रिश्तेदार के दरवाजे पहुंच गए। जहां शव को रखकर दलित समाज के लोगों ने एक हजार रुपये तक का चंदा इकठ्ठा किया। तब कही जा कर मृतक का शव 25 किलोमीटर दूर ले जाने की व्यवस्था की गई। स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर रखने के दिशा निर्देश सरकार भले देती रहती है, लेकिन इन सेवाओं का लाभ गरीब तबके को न के बराबर ही मिल पाता है। इस घटना से न केवल मानवता शर्मसार हुई है बल्कि लचर सिस्टम की भी कलई खुलकर सामने आ गई है।

बहरहाल इस मामले को लेकर जिम्मेदार पल्ला झाड़ते नजर आ रहे है, जिला अस्पताल के सीएमएस आरपी मिश्रा की माने तो उन्हें इस प्रकार की कोई सूचना नहीं है और न ही उनसे किसी ने शव वाहन की मांग की है।

इस मामले को लेकर हमने जिला अस्पताल के कर्मचारियों से भी बात की। इंचार्ज वीर सिंह बताते है कि उनसे यहां स्टाफ के किसी भी कर्मचारी से शव वाहन की मांग नहीं की गई। यदि मांग की जाती तो जरूर उपलब्ध कराया जाता। ये जानकारी ही नहीं हो पाई कि इमरजेंसी से कब मृतक के शव को लेकर परिवार के लोग चले गए। जबकि मृतक का पुत्र बताता है कि उसने अस्पताल के बाहर खड़ी एम्बुलेंस वालों से भी मांग की थी। यहीं नहीं प्राइवेट एम्बुलेंस वालों से भी मदद मांगी लेकिन वो पांच हजार रुपये की मांग कर रहे थे जो उसके पास नहीं थे।

इस बारे में अधिकारी और कर्मचारी अपना पल्ला झाड़ रहे है। मगर ये किसी से छुपा नहीं है कि जब दलित की मौत हुई तो उसके परिवार से शव वाहन ले जाने के लिए क्यों नहीं कहा गया। अब जबकि मामला मीडिया में आ गया है ऐसे में जिम्मेदार अपनी खामियां छुपाने में लगे है।