
मैनपुरी। अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निरोधक) अधिनियम, 1989 यानि एससी-एसटी एक्ट में बदलाव के विरोध में सोमवार को दलित समाज के लोग सड़कों पर उतरे। प्रदर्शनकारियों ने पहले मैनपुरी के मुख्य मार्ग कचहरी रोड पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। इसके बाद भोजपुरा रेलवे क्रॉसिंग के पास ट्रेन को रोक लिया। यहां प्रदर्शनकारियों ने ट्रेन पर चढ़कर केंद्र और प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
कचहरी रोड जाम, ट्रेन रोकी
सुप्रीम कोर्ट ने एससी-एसटी एक्ट के दुरुपयोग को देखते हुए कुछ बदलाव किया है। इसी के विरोध में दलित संगठनों ने सोमवार को भारत बंद का आह्वान किया। इसका असर मैनपुरी में भी देखने को मिला। यहां दलित समाज के लोगों ने जगह-जगह विरोध प्रदर्शन किया। कचहरी रोड पर जाम लगा दिया। भोजपुरा रेलवे क्रॉसिंग के पास ट्रेन रोक दी गई। हालांकि पुलिस की मुस्तैदी के चलते कहीं भी कोई घटना नहीं घटी।
कानून में बदलाव मंजूर नहीं
प्रदर्शनकारियों का कहना था है कि एससी-एसटी एक्ट में किसी तरह बदलाव मंजूर नहीं है। जो कानून पहले से लागू है। उसको ही कड़ाई से लागू किया जाए। अगर उनकी मांगें पूरी नहीं की गई तो उग्र आंदोलन होगा। वहीं भारत बंद के मद्देनजर जिलेभर में कड़ी चौकसी देखी गई। जगह जगह पुलिस बल तैनात दिखाई दिया।