
बीते एक हफ्ते में सोने की कीमतों में हुआ 650 रुपए का इजाफा, चांदी 250 रुपए चमकी
नर्इ दिल्ली। वैश्विक स्तर पर पीली धातु में तेजी के बीच बीते सप्ताह दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 650 रुपए चमककर एक महीने के उच्चतम स्तर 30,900 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। चांदी भी 250 रुपए की साप्ताहिक बढ़त में 38,000 रुपए प्रति किलोग्राम पर रही। स्थानीय बाजार में सोने की तेजी में मुख्य योगदान वैश्विक संकेतों का रहा। आइए आपको भी बताते हैं कि आपके सोने की कीमत किस तरह से बढ़ी है।
वैश्विक संकेताें का असर
लंदन और न्यूयॉर्क से मिली जानकारी के अनुसार, गत सप्ताह सोना हाजिर 24.60 डॉलर यानी 2.08 फीसदी बढ़कर 1,205.80 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। दिसंबर का अमरीकी सोना वायदा भी 28 डॉलर यानी 2.36 फीसदी की मजबूती के साथ सप्ताहांत पर 1,212.30 डॉलर प्रति औंस बोला गया। बाजार विश्लेषकों का कहना है कि अमरीकी फेडरल रिजर्व के प्रमुख जेरोम पॉवेल के भाषण से पहले डॉलर में नरमी के कारण गत सप्ताह पीली धातु में तेजी रही। विदेशों में चांदी हाजिर 0.27 डॉलर यानी 1.83 फीसदी की गिरावट के साथ सप्ताहांत पर 14.48 डॉलर प्रति औंस पर आ गर्इ।
650 रुपए तक बढ़ गया सोना
स्थानीय बाजार में छह में से पांच कारोबारी दिवस सोने में तेजी रही। सिर्फ गुरुवार को इसमें हल्की गिरावट देखी गर्इ। सप्ताह के दौरान सोना स्टैंडर्ड 650 रुपए यानी 2.15 फीसदी चमककर 30,900 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। यह 26 जुलाई के बाद का इसका उच्चतम स्तर भी है। सोना बिटुर भी इतनी ही तेजी में सप्ताहांत पर 30,750 रुपए प्रति दस ग्राम पर रहा। आठ ग्राम वाली गिन्नी सप्ताह के दौरान 100 रुपए चढ़कर सप्ताहांत पर 24,500 रुपए पर रही।
250 रुपए बढ़ी चांदी की कीमत
चांदी की औद्योगिक मांग आने से उसमें भी तेजी रही। चांदी हाजिर 250 रुपए यानी 0.66 फीसदी की बढ़त में 38,250 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गर्इ। चांदी वायदा 60 रुपए सुधरकर सप्ताहांत पर 37,000 रुपए प्रति किलोग्राम पर रही। सिक्का लिवाली और बिकवाली सप्ताह के दौरान उतार-चढ़ाव से होते हुये अंतत: बिना किसी साप्ताहिक बदलाव के क्रमश: 72 हजार और 73 हजार रुपए प्रति सैकड़ा पर रहें।
Published on:
26 Aug 2018 01:35 pm
बड़ी खबरें
View AllShare Market News
कारोबार
ट्रेंडिंग
