नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने प्याज और दालों के दाम को नियंत्रण में रखने के लिए बुधवार को नैफेड को बफर स्टॉक से दाल और प्याज की सप्लाई जारी रखने का निर्देश दिया। देश में प्याज और दाल की कीमतों और उपलब्धता के साथ-साथ सरकार के बफर स्टॉक की समीक्षा के लिए यहां उपभोक्ता मामले मंत्रालय के सचिव अविनाश कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में स्थायी समिति की बैठक हुई। बैठक में कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय, नैफेड, मदर डेयरी, केंद्रीय भंडार, दिल्ली सरकार के प्रतिनिधि और उपभोक्ता मामले विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया।