देश की राजधानी में प्याज कीमतों में इजाफा
देश की राजधानी दिल्ली में प्याज की आवक घटने से फिर कीमतों में लगातार इजाफा होने लगा है। राष्ट्रीय राजधानी की आजादपुर मंडी में सोमवार को पिछले सप्ताह के मुकाबले प्याज के दाम में 10 रुपए की वृद्धि दर्ज की गई। आजादपुर मंडी एग्री प्रोड्यूस मार्केटिंग कमेटी (एपीएमसी) के आंकड़ों के अनुसार, सोमवार को प्याज का भाव 20-37.50 रुपए प्रति किलो था, जबकि एक सप्ताह पहले 9 सितंबर को आजादपुर मंडी में प्याज का भाव 10-28.75 रुपए प्रति किलो था। आजादपुर मंडी के कारोबारी और ऑनियन मर्चेट एसोसिएशन के प्रेसिडेंट राजेंद्र शर्मा ने बताया कि पिछले चार दिनों में प्याज का दाम ज्यादा बढ़ा है। हालांकि उनके अनुसार, सोमवार को मंडी में प्याज का थोक भाव 20 रुपये से लेकर 35 रुपये प्रति किलो था।