कारोबारी सप्ताह के तीसरे दिन बुधवार को नए साल 2020 का आगाज होने जा रहा है। नए साल के आरंभ में ही ऑटो कंपनियां दिसंबर महीने की अपनी बिक्री की रिपोर्ट जारी करेंगी, जिसका बाजार पर असर देखने को मिल सकता है। इससे पहले 31 दिसंबर यानी मंगलवार को देश के बुनियादी ढांचा क्षेत्र के उत्पादन के नवंबर महीने के आंकड़े जारी होंगे। वहीं, नए साल के दूसरे ही दिन गुरुवार को मार्किट मैन्युफैक्चरिंग पीएमआई यानी परचेजिंग मैनेजर्स इंडेक्स के दिसंबर महीने के आंकड़े जारी होंगे। इन आंकड़ों से बाजार की चाल तय होगी। इसके अलावा विदेशी आर्थिक आंकड़ों का भी बाजार पर असर देखने को मिल सकता है।