
मुंबई। अक्टूबर एफएंडपो एक्सपायरी और इंफोसिस के नतीजे से ठीक पहले शेयर मार्केट में आज तेजी शुरूआत देखने को मिली। आज कारोबार के शुरूआत में सेंसेक्स 113 अंक चढक़र 32,619 के स्तर पर और निफ्टी भी 34 अंक बढक़र 10,219 पर खुला। निफ्टी एक बार फिर 10,200 के पार खुलने में कामयाब रहा। आज 10:30 पर सेंसेक्स में 134 अंको का उछाल देखा गया जबकि निफ्टी भी 43 अंक की तेजी के साथ करोबार कर रहा है। मिडकैप और स्मॉलकैप के शेयरों में भी अच्छी खरीदारी देखने को मिल रही है।
तिमाही नतीजे से ठीक पहले गिरा इंफोसिस के शेयर
आज देश की दूसरी सबसे बड़ी सॉफ्टवेयर कंपनी इंफोसिस वित्त वर्ष 2018 के दूसरी तिमाही के नतीजे जारी करने वाली है। विशाल सिक्का के इस्तीफे के बाद ये पहला नतीजा होगा। लेकिन नतीजे के ठीक पहले कंपनी के शेयरों में गिरावट देखने को मिल रहा है।
मेटल और ऑयल एंड गैस में अच्छी खरीदारी
आज के कारोबार में सभी सेक्टोरियल इंडेक्स ग्रीन जोन मे कारोबार कर रहे हैं। हालांकि कैपिटल गुड्स के शेयरों में हल्की बिकवाली देखने को मिल रही है। ऑटो, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, एफएपसीजी, फार्मा, आईटी, मेटल, ऑयल एंड गैस के शेयरों में लिवाली देखने को मिल रही है। मेटल, ऑयल एंड गैस के शेयरों में सबसे ज्यादा खरीदारी देखने को मिल रही है।
दिग्गज शेयरों की बात करें तो, आज ओएनजीसी, एनटीपीसी, येस बैंक, वेदांता, टाटा स्टील, एक्सिस बैंक, हिन्दुस्तान यूनिलिवर के शेयरों में अच्छी खरीदारी देखने को मिल रही है। वहीं यदि बिकवाली शेयरों की बात करें तो इसमें आज एचसीएज टेक्नोलॉजी, टाटा मोटर्स, सन फार्मा, भारती इंफ्राटेल, टेक महिन्द्रा, एलएंडटी और टाटा मोटर्स डीवीआर शामिल हैं।
रुपए की मजबूत शुरूआत
आज हफ्ते के दूसरे कारोबारी दिन रुपए की शुरूआत मजबूती के साथ हुआ। डॉलर के मुकाबले रुपया 5 पैसा मजबूत होकर 64.97 के स्तर पर खुला। इसके पहले दिन डॉलर के मुकाबले रुपए में 3 पैसे की बढ़ोतरी हुई थी जिसके बाद रुपया 65.02 के स्तर पर बंद हुआ था।
एशियाई बाजारों में तेजी
आज के कारोबार में एशियाई बाजारो में भी तेजी देखने को मिल रही है। जापान का निक्केई 36 अंक की बढ़त के साथ 21,733 के स्तर पर कारोबार कर रहा है, वहीं हैंग सेंग भी 25 अंक बढक़र 28,329 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। कोरिया के कोस्पी की बात करें तो इसमें 0.12 फीसदी की बढ़त देखने को मिल रहा है। हालांकि सिंगापुर के एसजीएक्स निफ्टी इंडेक्स में 0.13 फीसदी का गिरावट देखने को मिल रहा है।
Published on:
24 Oct 2017, 11:13 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.