इस वित्त वर्ष की बात करें तो अब तक 19 कंपनियां शेयर बाजार में लिस्ट हो चुकी हैं। जिनमें से 12 कंपनियों का मार्केट कैप शुक्रवार तक 5 हजार करोड़ रुपए से कम पर बंद हुआ है। नई लिस्ट हुई कंपनियों में सबसे कम मार्केट कैप सलासर टेक्नो इंजीनयिरिंग का है। हालांकि लिस्टिंग के बाद रिटर्न देने के मामले कंपनी सबसे आगे है। जुलाई के अंत में लिस्ट हुई कंपनी अपने इश्यू प्राइस के मुकाबले अब तक 167 फीसदी बढ़ चुकी है। तेज बढ़त के बाद भी कंपनी का मार्केट कैप 500 करोड़ रुपए से नीचे है। वहीं 5000 करोड़ रुपए के मार्केट कैप से नीचे वाली 12 नई कंपनियों में से 8 कंपनियों का रिटर्न पॉजिटिव रहा है। इसमें से भी सीडीएसएल 140 फीसदी, पीएसपी प्रोजेक्ट्स 71 फीसदी बढ़ा है। डिक्सन टेक्नोलॉजी में 50 फीसदी से ज्यादा बढ़त रही हैं। वहीं इन कंपनियों में सबसे ज्यादा गिरावट एस चांद एंड कंपनी में देखने को मिली है। स्टॉक पिछले 6 महीने में एक तिहाई नुकसान के साथ ट्रेड कर रहा है।