
Big Accident
मथुरा। युमुना एक्सप्रेस वे पर शनिवार को बड़ा हादसा हुआ। टायर फटने के कारण कार ने कई पलटे मारे। इस हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसके तीन बच्चे घायल हो गये। वहीं दूसरी घटना में तीन लोगों के घायल होने की सूचना है।
पहली घटना
मथुरा के थाना बलदेव क्षेत्र अंतर्गत यमुना एक्सप्रेस वे के माइलस्टोन 139 के समीप ये हादसा हुआ। कार सवार लोग कन्नौज जनपद के गुरसहायगंज जा रहे थे। माइलस्टोन 139 के समीप पहुंचते ही कार का टायर फट गया। टायर फटने से कार अनियंत्रित होकर पलट गई। घटना में कार सवार रेमू निशां (45) पत्नी जहीर निवासी कंचनपारा, लोनी (गाजियाबाद) की मौत हो गई, जबकि उनकी बेटी तान्या (10), रानी(18) और बेटा अरमान (21) घायल हो गए। कार में कुल छह लोग सवार थे। बता दें कि भीषण गर्मी में यमुना एक्सप्रेस वे पर आए दिन टायर फटने से वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। पिछले दो महीनों में इस तरह के कई हादसे हो चुके हैं। जिसमें कई लोगों की जान जा चुकी है।
दूसरे हादसे में घायल हुए तीन लोग
दूसरा हादसा शनिवार दोपहर सुरीर क्षेत्र में माइल स्टोन 79 के समीप हुआ, जिसमें नोएडा की ओर से आ रही ऑल्टो कार आगे चल रहे वाहन से टकरा गई। जिससे उसमें सवार गजेंद्र सिंह निवासी अंनगपुर जनपद फरीदाबाद घायल हो गए। इसी दौरान पीछे से आ रही स्विफ्ट डिजायर कार सड़क पर हादसे में क्षतिग्रस्त होने से खड़ी ऑल्टो कार में घुस गई, जिससे स्विफ्ट डिजायर कार में सवार सुभाष अरोरा निवासी संजय नगर फरीदाबाद समेत तीन लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया।
Published on:
8 Jun 2019, 8:00 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.