
Haryana made alcohol Whiskey
मथुरा। जिलाधिकारी सर्वज्ञराम मिश्र द्वारा गठित की गई आबकारी विभाग की टीम ने यमुना एक्सप्रेस वे पर मंहगी पार्टी स्पेशल शराब लेकर जा रहे कैंटर को पकड़ा है। दो अभियुक्तों को भी गिरफ्तार किया गया है।
मुर्गी दाना की जगह शराब मिली
आबकारी निरीक्षक अनंत कुमार मिश्रा के नेतृत्व में टीम ने राया यमुना एक्सप्रेसवे कट पर एक आईसर कैंटर को अवैध शराब की तस्करी की सूचना के आधार पर रोका। पूछताछ में संदेह होने पर तलाशी ली। कैंटर चालक ने बताया कि कैंटर में मुर्गीदाना है, जब तिरपाल हटाने पर देखा तो उसमें मुर्गी दाना की जगह बोरियां और भूसी भरी हुई थी। इसके बाद टीम का शक और बढ़ गया। इन बोरियों को हटाने पर उसमें शराब की पेटियां दिखाई दीं। वाहन चालक व उसके साथ बैठा हुआ व्यक्ति शराब के परिवहन से संबंधित कोई अभिलेख नहीं दिखा सका। वाहन चालक चिमन सिंह पुत्र बंत सिंह (55) निवासी अबोहर, हरियाणा तथा इसके पास बैठे राम पुत्र सियाराम निवासी हम कोट, पंजाब को हिरासत में लिया।
पार्टी स्पेशल व्हिस्की की पेटियां
आबकारी टीम ने कैंटर को कब्जे में ले लिया। कैंटर में इम्पेरियल ब्लू, व्हिस्की व पार्टी स्पेशल व्हिस्की की पेटियां थीं। जिनको गिनने पर 1092 बोतल, 1800 अद्धे और 7632 पव्वे मिले। राया थाने में इनके खिलाफ कार्यवाही की जा रही है।
Published on:
25 Jun 2019, 12:31 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.