
मथुरा। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) के बैनर तले आज पूरे देश में 12 घंटे के लिए डॉक्टर हड़ताल पर चले गए। डॉक्टरों की हड़ताल के चलते मरीजों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मरीज डॉक्टरों की हड़ताल के चलते बिना इलाज कराए वापस लौटने को मजबूर हैं।
बेहाल मरीज
देश में नए नेशनल मेडिकल कमीशन बिल के विरोध में डॉक्टर 12 घंटे की हड़ताल पर चले गए हैं। इस हड़ताल का असर मथुरा में भी देखने को मिला। हड़ताल में ओपीडी नहीं खुलीं जबकि इमरजेंसी सेवाएं हर दिन की तरह सुचारू रहीं। निजी अस्पताल में नए मरीजों को भर्ती नहीं किया जा रहा, मरीज अस्पताल में पहले से भर्ती हैं उन्हीं का इलाज किया जा रहा है। इस हड़ताल की वजह से मरीजों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हॉस्पिटल में अपनी पत्नी का इलाज कराने आये राम निवास उपाध्याय ने कहा कि हड़ताल के चलते किसी भी अस्ताल में इलाज नहीं मिला। पत्नी का अल्ट्रासाउंड भी नहीं हो पाया। बिना इलाज के ही वापस जाना पड़ रहा है।
मांग नहीं मानी तो होगा आंदोलन
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन मथुरा जिला सेक्रेट्री आशीष गोपाल का कहना है कि सरकार नेशनल मेडिकल काउंसिल बिल लेकर आ रही है। मेडिकल काउंसिल को भंग करने की बात हो रही है। इसीके विरोध में पूरे देश में डॉक्टर हड़ताल पर हैं। हड़ताल 12 घंटे रहेगी। अगर सरकार हमारी मांगें नहीं मानती है तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।