
मथुरा। जिले में जंक्शन का हाल बुरा है। यहां आम लोगों को दी जाने वाली सुविधाओं का भी अभाव है। मथुरा जंक्शन के प्लेटफॉर्म नम्बर एक को प्लेटफॉर्म नम्बर सात से जोड़ने वाले रास्ते पर पिछले करीब एक महीने से सीवर का पानी भरा हुआ है। इसी गैलरी में जीआरपी थाने का मुख्य गेट भी खुलता है। जीआरपी के जवान, थाने आने वाले लोग और यात्री इस सीवर के पानी से होकर गुजर रहे हैं। डीलक्स शौचालय जीआरपी थाने के सामने बनाया गया है और इसके सीवर के पानी को निकालने के लिए व्यवस्था नहीं की गई है। सीवर का पानी ओवरफ्लो होकर इस गैलरी में भर जाता है। यहां काम करने वाले सफाई कर्मचारी बिरजू ने बताया कि इस पानी की समस्या से निजात पाने की जुगत में लगे स्टेशन प्रबंधन ने एक सफाईकर्मचारी को सीवर में उतारा था लेकिन सीवर में उतरने पर उसकी तबियत बिगड़ गई। सफाई कर्मचारी का हॉस्पीटल में इलाज चल रहा है। वहीं स्टेशन डायरेक्टर एनपी सिंह ने इस समस्या के जल्द समाधान की बात कही है।