
मथुरा। मांट थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत डांगौली के मजरा बुर्जा में शनिदेव मंदिर के 60 वर्षीय पुजारी रामदास की अज्ञात लोगों ने गला रेतकर हत्या कर दी। प्रथम दृष्ट्या पुलिस हत्या के पीछे आश्रम की जमीन का विवाद मान रही है।

शनिदेव मंदिर के 60 वर्षीय पुजारी रामदास की कुछ अज्ञात बदमाशों ने गला रेतकर हत्या कर दी। जानकारी के मुताबिक पुजारी मूल रूप से मध्य प्रदेश के रहने वाले थे। कुछ साल पहले आकर यहां मंदिर की सेवा-पूजा करने लगे थे। बताया जा रहा है कि मंदिर की जमीन को लेकर गांव के कुछ लोगों से पुजारी का विवाद चल रहा था। आशंका है कि हत्या के पीछे यही वजह हो। सीओ मांट राकेश कुमार ने बताया कि शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ये अभी तक पता नहीं चल पाया है कि हत्या किसने की। मामले की जांच की जा रही है जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी।