
डूडा के परियोजना अधिकारी रमेश कौशिक
मथुरा. पीएम मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट में से एक है प्रधानमंत्री आवास योजना। इस योजना के माध्यम से नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) के द्वारा गरीब लोगों को पक्का मकान बनाने के लिए तीन किस्तों के माध्यम से ढाई लाख रुपये दिए जाते है। जिससे बेघर लोग अपना खुद का मकान बना कर रह सकें। लेकिन मथुरा में लगभग 165 लोग ऐसे हैं, जिन्होंने पहली क़िस्त के 50 हजार रुपये प्राप्त किया और उसे बिना निर्माण कार्य किए ही अपने अन्य खर्चों में इस्तेमाल कर लिया।
वापस जमा कराएं रुपए वरना होगी कार्रवाई
अब ऐसे लोगों की अब आफत आने वाली है, क्योंकि डूडा के परियोजना अधिकारी रमेश कौशिक ने सख्त आदेश जारी किया है। परियोजना अधिकारी ने ऐसे लोगों को चिन्हित करते हुए कहा है कि या तो रुपये वापस जमा कराए जाएं वरना कानूनी कार्रवाई करते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। ताकि सरकारी पैसे का जिन लोगों ने दुरुपयोग किया है उन्हें सबक मिल सकें।
इन लोगों को मिलता है इस योजना का लाभ
डूडा के परियोजना अधिकारी रमेश कौशिक ने यह भी बताया कि इस योजना का लाभ सिर्फ उन्हीं लोगों को मिलता है जिनके पास रहने के लिए अपना घर नहीं है। साथ ही आवेदन करने वाले व्यक्ति की वार्षिक आमदनी भी 3 लाख रुपये से कम होने चाहिए। इसके अलावा आवेदन करने वाले व्यक्ति के पास उसका खुद का प्लाट होना चाहिए जिस पर वो मकान बनाकर रह सकें। लेकिन पहली किस्त लेकर पैसे को गबन करने वाले लोग या तो पैसा वापस डूडा के खाते में जमा कराए वरना उन लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होना लगभग तय है।
BY: Nirmal Rajpoot
Published on:
30 Sep 2021, 4:23 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.