
मथुरा। थाना यमुनापार क्षेत्र में सोमवार को दिन दहाड़े बाइक सवार बदमाश हथियारों के दम पर एक किसान से 6 लाख 60 हज़ार की नगदी लूटकर फरार हो गए। दरअसल थाना राया क्षेत्र के गांव गंगा नगला निवासी प्रमोद कोल्ड स्टोरेज मालिक को पैसे देने की लिए स्टेट बैंक से 9 लाख रुपये निकाल कर एक अन्य साथी के साथ बाइक पर जा रहे थे। मथुरा-राया रोड पर गांव दीवाना कलां के समीप पहुंचने पर पल्सर बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने बंदूक दिखाकर उन्हें रोक लिया और रुपयों से भरा थैला लूटकर फरार हो गए। पीड़ित ने शोर मचाया तो मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई लेकिन तब तक लुटेरे भाग चुके थे। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों के भागने की दिशा में चेकिंग भी कराई लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। वहीं दिन दहाड़े हुई लूट की वारदात की जानकारी होने पर एसएसपी प्रभाकर चौधरी भी मौके पर पहुंच गए और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पीड़ित किसान प्रमोद ने बताया कि थैले में 6 लाख 60 हज़ार रुपये थे जिन्हें बदमाश लूटकर फरार हो गए जबकि जेब में रखे 2 लाख 40 हज़ार रुपये बच गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।