
जन्माष्टमी पर वृंदावन के बांके बिहारी मंदिर में मंगला आरती के समय हुए हादसे के बाद से प्रशासन सख्त है। एक तरफ जहां मामला कोर्ट पहुंच चुका है तो वहीं दूसरी तरफ मंदिर प्रबंधन ने मंदिर के आसपास की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए कमर कस ली है। इसी कड़ी में मंदिर की गलियों और मुख्य मार्गों पर नए सीसीटीवी कैमरे लगाने का काम शुरू कर दिया गया है। वहीं जो कैमरे खराब हैं, उन्हें सही करने का काम शुरू किया गया है। वहीं इसकी मॉनिटरिंग मंदिर ये की जाएगी। मंदिर में ही कंट्रोल रूम बनाया जाएगा। क्योंकि कई बार मंदिर से गलियों तक अचानक भीड़ बढ़ने से व्यवस्थाएं बिगड़ जाती हैं। फिर से गलती की पुनरावृत्ति न हो इसके लिए मंदिर प्रशासन ने यह कदम उठाया है।
कंट्रोल रूम को किया जा रहा अपडेट
आए दिन मंदिर परिसर में भीड़ बढ़ने से होने वाले दबाव को कम करने के लिए मंदिर प्रबंधन ने योजनाओं पर काम करना शुरू कर दिया है। मंदिर की गलियों और प्रमुख मार्गों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। कैमरे लगाने का कार्य तेजी से चल रहा है। जबकि खराब पड़े कैमरों को ठीक कराया जा रहा है। इन कैमरों की मदद से मंदिर की ओर आने वाली भीड़ का आंकलन करने में आसानी होगी। सीसीटीवी कैमरों पर नजर रखने के लिए मंदिर परिसर में लगे कंट्रोल रूम को भी अपडेट किया जा रहा है। यहां दो कर्मचारियों को रखा जाएगा, जो भीड़ बढ़ने की स्थिति में कर्मचारियों को जानकारी देंगे।
शनिवार और रविवार को बढ़ती है भीड़
गौरतलब है कि शनिवार और रविवार को बांके बिहारी मंदिर में भीड़ बढ़ जाती है। वहीं त्योहारों पर ये भीड़ करीब एक सप्ताह तक रहती है। हर दिन अपने आराध्य के दर्शन की अभिलाषा लिए हजारों भक्त बांकेबिहारी की चौखट पर पहुंच रहे हैं। बुधवार को गणेश चतुर्थी के दिन भी ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में भारी भीड़ रही। मंदिर में भीड़ को देखकर लग रहा था, जैसे वीकेंड या त्योहार का कोई दिन हो।
Published on:
1 Sep 2022, 4:14 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.