
मथुरा।वृन्दावन के विश्व प्रसिद्ध बांके बिहारीमंदिर में श्रद्धालुओं और निजी सुरक्षाकर्मियों के बीच झगड़ा हो गया। झगड़े के दौरान निजी सुरक्षाकर्मी हमलावर हो गए और उन्होंने एक साथ मिलकर श्रद्धालु परिवार के साथ मारपीट शुरू कर दी। श्रद्धालु और गार्डों के बीच झगड़ा महिला श्रद्धालुओं की लाइन में घुसने को लेकर हुआ।
सुरक्षाकर्मियों की दबंगई
दिल्ली बदरपुर इलाके के रहने वाले गोविंद प्रसाद सोमवार को बांके बिहारी मंदिर में दर्शन के लिए परिवार सहित आये थे। सोमवार की देर शयन आरती से पहले वह मन्दिर में दर्शन कर रहे थे और उनकी पत्नी महिला दीर्घा में से खड़े हो कर दर्शन कर रही थीं। इसी बीच मंदिर में लगे निजी सुरक्षाकर्मी ने उनसे वहां से हटने के लिए कहा और बदतमीजी शुरू कर दी। इस बात का विरोध गोविंद प्रसाद के बेटे ने जब किया तो सुरक्षाकर्मी आग बबूला हो गया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इस बात की जानकारी गोविंद प्रसाद और उनके साथ आए परिवार के लोगों को हुई तो सभी ने विरोध किया जिस पर मन्दिर में लगे अन्य सुरक्षाकर्मी भी वहां आ गए और उन्होंने नाबालिग लड़के के साथ मारपीट शुरू कर दी।
वीडियो किया वायरल
गार्डों की इस खुलेआम गुंडागर्दी का वहां किशी ने वीडियो बना लिया और वायरल कर दिया। वीडियो में साफ दिख रहा है कि गार्ड किस तरह से लड़के की पिटाई कर रहे हैं। गार्डों द्वारा की गई इस पिटाई का वीडियो सामने आने के बाद जब गार्ड से पूछा गया तो वह श्रद्धालु का ही दोष बताते हुए खुद के साथ मारपीट करने का आरोप लगाने लगा। गार्ड का आरोप था कि श्रद्धालुओं ने उसके साथ बदतमीजी और मारपीट की। वहीं मन्दिर में हुए इस झगड़े के बारे में जब मंदिर के प्रबंधक से जानकारी की तो वह मामले कि जानकारी न होने की बात कहते हुए अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ने लगे।
Published on:
15 May 2018, 3:55 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.