
मथुरा। गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे आयी एक फोन कॉल ने पुलिस प्रशासन में हड़कंप मचा दिया। इस फोन कॉल में श्रीकृष्ण जन्मभूमि और वृंदावन स्थित प्रेम मंदिर को उड़ाने की धमकी दी गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। दोनों धर्मस्थलों में चेकिंग अभियान चलाया गया, लेकिन कुछ नहीं मिला। फिलहाल इस मामले में पुलिस ने एक शख्स को गिरफ्तार किया है।
ये है मामला
जानकारी के मुताबिक प्रेम मंदिर के एक कर्मचारी के मोबाइल पर गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे फोन पर किसी ने प्रेम मंदिर और श्री कृष्ण जन्मस्थान को बम से उड़ाने की धमकी दी। इसके बाद फोन काट दिया गया। इसके बाद प्रेम मंदिर के अधिकारियों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। आला अधिकारी फोर्स और डॉग स्क्वायड के साथ मौके पर पहुंच गए। इंटेलीजेंस एजेंसियां सक्रिय हो गईं। सर्विलांस टीम को भी सक्रिय कर दिया गया। इस दौरान मोबाइल नंबर की जांच की गई तो वो मथुरा के थाना गोविंद नगर स्थित राधे श्याम कॉलोनी के युवक का निकला। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक को हिरासत में लिया है।
ऑटो चालक को लिया हिरासत में
मामले की जानकारी देते हुए मथुरा एसपी सुरक्षा ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि पकड़ा गया युवक ऑटो चालक है। पूछताछ के दौरान उसने बताया कि दोपहर में एक युवक उसके ऑटो में बैठा और उससे एक फोन कॉल करने के लिए मोबाइल मांगा। कहा कि मेरा मोबाइल खराब हो गया है। इस दौरान बात करने के लिए वो ऑटो से उतर गया और कहीं गायब हो गया। फिलहाल पुलिस मोबाइल की लोकेशन की जानकारी कर रही है।
जिस व्यक्ति के पास मोबाइल है, उसने नयति अस्पताल और आगरा के जीआरपी थाने को भी उड़ाने की धमकी दी है।
ये कहना है एसएसपी का
वहीं इस मामले को लेकर एसएसपी शलभ माथुर का कहना है कि एक युवक को हिरासत में लिया गया है। उससे पूछताछ जारी है। आरोपी युवक को पकड़ने के लिए टीमों का गठन कर दिया गया है। दोनों धार्मिक स्थलों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। जलद ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।
Published on:
9 Aug 2019, 9:50 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.