ऊर्जामंत्री श्रीकांत शर्मा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का विरोध करते-करते कांग्रेस राष्ट्र विरोध की हद तक गिर चुकी है। और अब एससी/ एसटी एक्ट पर भ्रम फैलाकर, समाज में हिंसा और जहर फैलाने का काम कर रही है। समाज को बांटना, लोगों को आपस में लड़ाना और लाशों पर राजनीति करना कांग्रेस के डीएनए में है। उन्होंने कहा कि 2014 में देश की 125 करोड़ जनता ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत को श्रेष्ठ, सबल व सशक्त बनाने के लिए विकास यात्रा शुरू की थी। जनता के अपार समर्थन से यह यात्रा 20 राज्यों में भारतीय जनता पार्टी परचम लहरा चुकी है। इस यात्रा की गति लगातार तेज हो रही है, क्योंकि देश सिर्फ विकास चाहता है।