
मथुरा। पुलिस की गोली से माधव की मौत के बाद कई सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस अधिकारी इस मामले में अब तक कुछ भी बोलने से बच रहे हैं। बुधवार रात को एसएसपी मथुरा स्वप्निल ममगई ने कहा था कि ममाले की जांच सीओ रिफाइनरी करेंगे। जांच कर रहे सीओ रिफाइनरी विनय सिंह से जब अब तक की जांच के बारे में पूछा गया तो उन्होंने साफ कहा कि अब मामला बड़े अधिकारियों के संज्ञान में है, इसलिए वह कुछ भी नहीं बोल सकते। दूसरी तरफ पुलिसकर्मियों पर गंभीर आरोप लग रहे हैं। ग्रामीणों ने कहा है कि एनकाउंटर के लिए पहुंचे दो सिपाही शराब के नशे में थे, हालांकि इस बात की अभी तक कोई पुष्टि नहीं हो पाई है। इस मामले में आईजी आगरा से कई बार संपर्क करने की कोशिश की लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो पाया।
ग्रामीणों में आक्रोश
ग्रामीणों में पुलिस की कार्रवाई से आक्रोश है। स्थानीय लोगों का साफ कहना है कि पुलिस की गोली मासूम माधव को लगी। इसके बाद वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने माधव को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती नहीं कराया। रिटायर्ड फौजी सीताराम वर्मा ने बताया कि मैं नवादा चौराहे पर पहुंचा तो वहीं काफी भीड़ नजर आई। वहीं जब मैंने लोगों से पूछा कि क्या मामला है तो लोगों ने बताया कि कुछ पुलिस वाले बच्चे को यहां पटक कर भाग गए। इतना ही नहीं फौजी ने कहा कि पुलिस वालों ने जो किया वह यमराज भी नहीं करते। फौजी ने सीएम योगी से मांग की है कि दोषी पुलिसकर्मियों पर तत्काल प्रभाव से कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। ऐसे पुलिसकर्मियों को वर्दी पहनने का कोई हक नहीं है।
संवेदनहीनता की पराकाष्ठा
पुलिस के इस संवेदनहीन कृत्य ने बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। अगर मथुरा पुलिस समय पर बच्चे को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करा देती तो शायद बच्चे की जान बच जाती।
पुलिस वाले मार गए मेरे बच्चे को
माधव की मां रो-रोकर कह रही है कि मेरे बच्चे को पुलिस वाले मार गए, कोई बदमाश नहीं देखे। मृतक के दादा शिव शंकर का कहना है कि तीन पुलिस वाले आए थे, जिनसे मैंने पूंछा भी आप क्यों आए हो लेकिन उन्होंने कुछ भी नहीं बताया। इसके बाद दो गाड़ियां पुलिस की और आ गई। पुलिस वालों ने आते ही गोली चला दी, जो मेरे बच्चे को लगी। बच्चे को आगे पटक कर भाग गए, अस्पताल तक भी नहीं लेके गए।
क्या कहना है एसएसपी का
बुधवार रात को पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंचे एसएसपी मथुरा स्वप्निल ममगई ने कहा कि पुलिस को मृतक बच्चे के परिवार के साथ पूरी संवेदना हैं। पुलिस हर संभव मदद के लिए तैयार है। मामले की जांच सीओ रिफाइनरी कर रहे हैं। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी इसके बाद से अब तक एसएसपी का कोई बयान नहीं आया।
Updated on:
18 Jan 2018 04:55 pm
Published on:
18 Jan 2018 01:29 pm
बड़ी खबरें
View Allमथुरा
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
