
मऊ में दलित बस्ती में प्रचार करने पहुंचे बसपा नेताओं को विरोध का सामना करना पड़ा।
मऊ में नगर निकाय चुनाव प्रचार के दौरान बसपा को निजामुद्दीनपुरा में विरोध का सामना करना पड़ा। दलित बस्ती में चुनाव प्रचार करने पहुंचे बसपा के जिला अध्यक्ष और घोसी के सांसद प्रतिनिधि को मतदाताओं ने भगा दिया। साथ ही बसपा मुर्दाबाद के नारे भी लगाए।
11 मई को है वोटिंग
बता दें कि 11 मई को जिले में नगर निकाय चुनाव होने हैं। सभी पार्टियां अपने-अपने प्रत्याशियों के चुनाव प्रचार में किसी भी तरीके का कोर कसर छोड़ने को तैयार नहीं है। मतदाताओं को रिझाने के लिए प्रत्याशी दिन-रात एक किए हुए हैं।
लोगों के विरोध के बाद लौटे पदाधिकारी
गुरुवार को बसपा के जिला अध्यक्ष राज विजय और घोसी से बसपा सांसद अतुल राय के प्रतिनिधि गोपाल राय समेत कई नेता निजामुद्दीनपुरा के दलित बस्ती में पहुंचे। नगर पालिका परिषद के प्रत्याशी के समर्थन में प्रचार की शुरूआत हुई। जैसे ही सभी पदाधिकारी दलित बस्ती में पहुंचे, वार्ड मेंबर प्रत्याशी के टिकट बंटवारे से नाराज बस्ती के लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। साथ ही बहुजन समाज पार्टी मुर्दाबाद का नारा लगाने लगे और दौड़ा लिया। पदाधिकारियों ने समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने। अंत में हार मानकर पदाधिकारियों को वहां से लौटना पड़ा।
सपा से बसपा में आए जमाल को मिला है टिकट
नगर पालिका परिषद मऊ से बसपा के अध्यक्ष पद के प्रत्याशी अरशद जमाल हैं। जमाल हाल ही में सपा से टिकट कट जाने के कारण बसपा में शामिल हुए हैं। इसके बाद अरशद जमाल लगातार अपने पक्ष में मतदाताओं को रिझाने में लगे हैं।
Updated on:
5 May 2023, 10:02 PM IST
Published on:
5 May 2023, 9:51 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.