
मेरठ। पिछले दो दिन से राहत की सांस ले रहे मेरठ जनपद के लिए मंगलवार की रात फिर से एक बुरी खबर आई। मेरठ के 87 सैंपलों की जांच रिपोर्ट आई, जिसमें दो कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इन सैंपलों में बाकी सब निगेटिव निकले। वहीं दो सैंपलों की रिपोर्ट बुधवार को आएगी। सीएमओ डा. राजकुमार ने बताया कि पिछले दो दिन से एक भी कोरोना पॉजिटिव केस मेरठ में नहीं पाया गया, लेकिन मंगलवार को जो रिपोर्ट मेरठ की आई है, उनमें दो कोरोना पॉजिटिव हैं। मेरठ में कोरोना पॉजिटिव का आंकड़ा अब 34 हो गया है। उन्होंने बताया कि मेरठ व आसपास के जिलों में कोरोना वायरस की चेन बढ़ती जा रही है। मेरठ जोन में सात जमाती कोरोना पॉजिटिव मिले। इनमें मेरठ के दो, बुलंदशहर के तीन, बागपत व सहारनपुर के एक-एक जमाती शामिल हैं।
मेडिकल कालेज की माइक्रोबायोलॉजी लैब में मंगलवार को 184 सैंपलों की जांच हुई। इनमें मेरठ के 87 सैंपल जांचे गए थे। जिसमें से दो जमाती पॉजिटिव निकले। आसपास के जिलों के 97 सैंपलों की जांच में बुलंदशहर के तीन, बागपत का एक और सहारनपुर का एक जमाती कोरोना संक्रमित मिला। बागपत का कोरोना पाजिटिव जमाती नेपाली है। जबकि सहारनपुर का आंध्र प्रदेश का। मेरठ के दोनों जमाती बिहार के रहने वाले हैं। इनमें एक महिला है। बुलंदशहर के दो जमाती महाराष्ट्र के मालेगांव व एक बागपत का रहने वाला है।
सीएमओ डा. राजकुमार ने बताया कि पॉजिटिव आयी सात रिपोर्ट के बाद सभी सातों मरीजों को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि मेरठ के दो सैंपलों की दोबारा जांच हो रही है। सीएमओ ने बताया कि 10 जिलों के सैंपल का दबाव बढऩे के कारण लैब की जांच क्षमता दोगुनी की जा रही है। अब आगे से लैब में प्रतिदिन 150 सैंपलों की जांच होगी।
Published on:
8 Apr 2020, 10:36 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.