
Symbolic Photo of Murder by Husband to Wife
मेरठ. पश्चिमी उत्तर प्रदेश का मेरठ जिला। जो अपराध के मामले में भी लगातार सुर्खियों में बना रहता है। डीजीपी मुकुल गोयल भी स्वीकार कर चुके हैं कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश की कानून—व्यवस्था वाकई पुलिस के लिए चुनौती है, इसलिए सरकार इस जिले में विशेष ध्यान दे रही है। डीजीपी के जाते ही 24 घंटे के बाद ताबड़तोड़ पांच हत्याओं से जिला दहल गया। ये पांचों हत्याएं चुनावी रंजिश, प्रेमप्रसंग और पारिवारिक कलह को लेकर की गई। लेकिन हत्या तो हत्या है चाहे कैसे भी हो।
हत्याओं से जिले में कानून—व्यवस्था पर एक बार फिर से सवालिया निशान लग गए हैं। मेरठ ही पूरे पश्चिमी यूपी बात करें तो 24 घंटे के भीतर 8 हत्याएं हो चुकी हैं। इनमें बिजनौर और सहारनपुर में हुई हत्याएं भी शामिल हैं। बात मेरठ की हो या आसपास के जिले की। कहीं अपने अपनों का खून बहाने में पीछे नहीं हैं तो कहीं चुनावी रंजिश में अब तक गांवों की जमीन खून से लाल हो रही है।
चुनावी रंजिश में फावड़े से काट दिया अधेड़
पहली घटना भावनपुर थाना इलाके के मोरना गांव में शुक्रवार शाम चुनावी रंजिश में हुई जहां पर अख्तर नामक अधेड़ की फावड़े से काटकर हत्या कर दी गई। वहीं इसी रात मेरठ में कलयुगी पिता ने मासूम बेटियों की गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के आरोपी पिता मौके से फरार हो गया। हत्या का कारण पत्नी से विवाद बताया जा रहा है। घटना थाना कंकरखेड़ा क्षेत्र के गांव फाजलपुर की है। जहां एक पिता ने खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। पत्नी से विवाद के चलते निर्दयी पिता ने अपनी दो मासूम बेटियों की गला दबाकर हत्या कर दी। घटना की जानकारी लगने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमाटम के लिए भेज दिया।
बाप ने घोंट दिया बेटियों का गला
फाजलपुर गांव निवासी अरुण जाटव का उसकी पत्नी निशु से काफी समय से विवाद चल रहा है। विवाद के चलते निशु अपने मायके जानी चली गई थी। बीते शुक्रवार को अरुण अपनी ससुराल गया और वहां से अपनी छह वर्षीय पुत्री सृष्टि एवं चार वर्षीय पुत्री नैना को लेकर अपने घर फाजलपुर आ गया। देर रात उसने अपनी दोनों बेटियों की गला दबाकर हत्या का दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया। रात भर दोनों मासूम बच्चियों के शव घर में ही पड़े रहे।
सूचना पर थाना कंकरखेड़ा इंस्पेक्टर तपेश्वर सागर, सीओ दौराला आशीष कुमार शर्मा फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल से नमूने एकत्र किए। पुलिस अधिकारियों ने जानी से आरोपी की पत्नी निशु और उसके परिजनों को बुलवाया। वहीं पुलिस ने दोनों बच्चियों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।
प्रेमी ने कर दी प्रेमिका और उसकी सहेली की हत्या
इन तीन हत्याओं तक ही मामला सीमित रहता तो ठीक था लेकिन सरधना के नानू में दो युवतियों के शव मिलने से सनसनी मच गई। हालांकि पुलिस ने 24 घंटे के भीतर दोनों युवतियों के हत्याओं का राजफाश कर दिया। दोनों युवतियों की हत्या प्रेमी ने गोली मारकर की थी और शवों को यहां पर लाकर डाल दिया था।
किसान की गोली मारकर हत्या
वहीं बात जिले के बाहर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दूसरे जिलों की करें तो बिजनौर के हीमपुर दीपा थाना क्षेत्र के गांव मुढ़ाल में किसान हरिओम सैनी की गोली मार कर हत्या कर दी गई। सूचना मिलने पर एसपी और सीओ ने मौका मुआयना किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
जल्द की जाएगी गिरफ्तारी: आईजी प्रवीण कुमार
इन सभी घटनाओं के बारे में जब आईजी रेंज प्रवीण कुमार से बात की गई तो उनका कहना था कि सभी हत्याओं के बारे में जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की जा रही है। युवतियों की हत्या का मामला तो मेरठ पुलिस ने वर्कआउट कर लिया है। वहीं बेटियों की हत्या भी उसके पिता ने की है। उसकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी है।
BY: KP Tripathi
Published on:
14 Aug 2021 09:22 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
