राठी के कोंर्ट में आने की सूचना पुलिस को सुबह उस समय लगी, जब पुलिस उसे तिहाड़ जेल से बागपत कोर्ट के लिए लेकर रवाना हुई। इस दौरान उसकी सुरक्षा को लेकर पुलिस विभाग में हड़कम्प मच गया। राठी के आने की सूचना के बाद कचहरी परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह से चाकचौबंद कर दी गई। कचहरी परिसर में कदम-कदम पर पुलिस नजर आ रही थी। स्थनीय पुलिस के अलावा पीएसी की एक प्लाटून परिसर में तैनात की गई थी। सीओ बागपत दिलीप कुमार और कोतवाल बागपत स्वयं सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाले हुए थे। किसी भी व्यक्ति को बिना जांच के कचहरी परिसर में प्रवेश नहीं करने दिया गया। लगभग 11 बजे राठी सीजेएम के कोर्ट में पेश हुआ और दस मिनट तक कोर्ट में रहा। इस दौरान कोर्ट परिसर के बाहर काफी भीड़ मौजूद थी। कोर्ट की कार्यवाही की प्रक्रिया पूरी होने के बाद राठी तिहाड़ जेल के लिए रवाना हो गया तब जाकर पुलिस ने राहत की सांस ली।