मेरठ के विजय नगर के रहने वाले शर्मा परिवार के लिए बुधवार का दिन दोहरी खुशियां लेकर आया। परिवार में दो बेटियों के बाद सुबह 7 बजकर 12 मिनट पर ईव्ज चौराहे पर स्थित जिंदल नर्सिंग होम में बेटे का जन्म हुआ। बेटे का जन्म होने पर उत्साहित शर्मा परिवार ने उसी समय तय कर लिया कि अगर चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग हो गई तो वह बेटे का नाम विक्रम रखेंगे। शाम को चंद्रयान की सफलता के बाद माता श्वेता शर्मा, पिता गौरव शर्मा ने बच्चे का नाम विक्रम रखा दिया। बच्चे के पिता गौरव ने कहा कि विक्रम के चांद पर उतरने से जैसे दुनिया में देश का नाम हो रहा है उसी तरह उनका बेटा विक्रम बड़ा होकर देश का नाम करेगा। इसी कामना के साथ उसका नामकरण विक्रम किया है।