एक इंटर कालेज की छात्रा का पीछा एक मनचला कई दिन से कर रहा था। इस दौरान कई बार छात्रा को रास्ते में रोककर न सिर्फ छींटाकशी की, बल्कि उसको धमकाया भी। डर की वजह से कई बार तो छात्रा पहले तो कई दिन कॉलेज ही नहीं गई। बुधवार को छात्रा कालेज गई थी। वह जब अपनी सहेलियों के साथ वापस लौट रही थी तभी एक स्कूटी पर तीन शोहदों ने पीछा करना शुरू कर दिया। इस दौरान एक शोहदे ने छात्रा को रोका और उससे दोस्ती करने की बात करने लगा। इतना ही नहीं शोहदे और उसके दोस्तों ने छींटाकशी भी की। बाजार में एक व्यापारी सीसीटीवी कैमरे पर यह सब देख रहा था। उससे रहा नहीं गया। वह बाहर आया और तीनों को पकड़ने की कोशिश की। व्यापारियों ने तीनों को पकड़ लिया और जमकर पिटाई की, लेकिन दो शोहदे व्यापारियों के चंगुल से छूटकर भाग निकले। व्यापारियों ने शोहदे को सदर पुलिस के सुपुर्द कर दिया।